Trending

कनाडा ओपन में तान्या-आकर्षी की जीत, श्रीकांत ने बीच में छोड़ा मुकाबला

भारत की तान्या हेमनाथ और आकर्षी कश्यप कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत ने फिटनेस संबंधी परेशानी के कारण पहले दौर का मुकाबला बीच में ही छोड़ दिया।

भारतीय खिलाड़ियों के लिए कुल मिलाकर दिन निराशाजनक रहा। बुधवार को उतरे नौ भारतीयों में से सात पहले ही दौर में बाहर हो गए। महिला एकल में आकर्षी कश्यप ने फ्रांस की अन्ना तात्रानोवा को 21-14, 21-12 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया, जहां उनका सामना अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त बेईवेन झांग से होगा।

दूसरी ओर तान्या हेमनाथ ने अमेरिका की दिशा गुप्ता को 21-16, 21-18 से शिकस्त दी और अब उनका मुकाबला जापान की रिको गुंजी से होगा।

पिछले रविवार को यूएस ओपन 300 में उपविजेता रहे 33 वर्षीय श्रीकांत पुरुष एकल के पहले दौर में मलेशिया के पेरिस ओलंपिक कांस्य विजेता ली जी जिया के खिलाफ 10-11 से पिछड़ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कोच बी. साई प्रणीत से चर्चा के बाद मैच से हटने का फैसला किया।

साभार : गूगल

पांचवीं वरीयता प्राप्त देविका सिहाग चीनी ताइपे की तुंग सिउ-तोंग से 14-21, 15-21 से हार गईं। कनाडा की रेचल चान के खिलाफ रक्षिता रामराज ने कड़ा संघर्ष लेकिन 15-21, 21-14, 15-21 से पराजित हो गईं।

श्रियंशी वालिशेट्टी को चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पी के हाथों 9-21, 18-21 से हार झेलनी पड़ी। अनमोल खरब ने शीर्ष वरीय मेजबान खिलाड़ी मिशेल ली को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 6-21, 26-24, 13-21 से मुकाबला गंवा बैठीं।

पुरुष एकल में सनीत दयानंद और शंकर सुब्रमण्यन भी पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सके। सनीत को तीसरी वरीयता प्राप्त जापान के युदाई ओकिमोटो ने 21-7, 21-11 से हराया, जबकि शंकर को दक्षिण कोरिया के यू ते-बिन ने 19-21, 21-15, 21-15 से मात दी। पुरुष युगल में भारत की एकमात्र जोड़ी अच्युतादित्य राव दोड्डावरापु और अर्जुन रेड्डी पोचाना भी शुरुआती दौर में हारकर बाहर हो गई।

Related Articles

Back to top button