Trending

15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर वेंगसरकर को पूरा भरोसा, कहा- मौका मिला तो भुनाएगा

भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी उनकी शानदार ‘हैंड-आई कोऑर्डिनेशन’ की वजह से बेहद खास और अविश्वसनीय नजर आती है। राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष वेंगसरकर को पूरा भरोसा है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के लिए पदार्पण का अवसर मिलने पर सूर्यवंशी उसका भरपूर फायदा उठाएंगे।

मुंबई क्रिकेट संघ की टीम के साथ ब्रिटेन दौरे पर मौजूद वेंगसरकर ने एक समाचार एजेंसी से विशेष बातचीत में कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि वैभव को मौका मिलेगा और जब भी मिलेगा, वह उसे पूरी तरह भुनाएगा। वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उसकी बल्लेबाजी वाकई हैरत में डालने वाली है।”

उन्होंने आगे कहा, “उसमें अपार क्षमता है। वह कुछ ऐसे शॉट खेलता है, जिन पर यकीन करना मुश्किल होता है। उसकी बल्लेबाजी की शैली बिल्कुल अलग है। शानदार बैट स्विंग और बेहतरीन हैंड-आई कोऑर्डिनेशन की बदौलत वह आसानी से गेंद को मैदान के बाहर पहुंचा सकता है। टी20 क्रिकेट में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।”

साभार : गूगल

सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट में भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर वेंगसरकर ने कहा, “मैंने उसे लंबे प्रारूप में खेलते नहीं देखा है। लेकिन मुझे विश्वास है कि मौका मिलने पर वह वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।”

उन्होंने सूर्यवंशी को महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा, “तेंदुलकर अपनी उम्र से कहीं अधिक परिपक्व नजर आते थे। वह शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार थे और इसी वजह से उनका चयन हुआ था।” वेंगसरकर ने आगे कहा, “तेंदुलकर बेहद अनुशासित, जुनूनी और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।”

भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ करते हुए वेंगसरकर ने कहा, “वह उदाहरण पेश करते हुए टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।” रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप खेलने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में वेंगसरकर ने कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला स्वयं रोहित शर्मा को ही करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button