विश्व की सबसे बड़ी पैदल धार्मिक यात्रा मानी जाने वाली नंदा राजजात यात्रा-2026 पर आया नया अपडेट

देहरादून ( इंडियन व्यू टीम): विश्व की सबसे बड़ी पैदल धार्मिक यात्रा मानी जाने वाली नंदा राजजात यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर व्यापक सोलर प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 2 करोड़ 25 लाख 79 हजार 832 रुपये की लागत से यात्रा पथ पर 792 सोलर स्ट्रीट लाइटें और 50 सोलर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी।
चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशन में यात्रा तैयारियों को गति देते हुए उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) ने इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि में सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 832 रुपये तथा सोलर हाईमास्ट लाइटों पर 73 लाख 37 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उरेडा द्वारा पूरी धनराशि जनपद चमोली को अवमुक्त कर दी गई है ।
परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्ग के चिन्हित स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सोलर प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण के साथ-साथ तृतीय पक्ष परीक्षण की व्यवस्था भी की गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा नंदा राजजात यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सोलर लाइटें स्थापित होने से रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित होगा। दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों में भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह पहल न केवल यात्रा मार्ग को रोशन करेगी, बल्कि पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा देगी जिससे नंदा राजजात यात्रा के आयोजन को आधुनिक और टिकाऊ स्वरूप मिल सकेगा।



