अभय और वीर ब्रिटिश ओपन के दूसरे दौर में, अनाहत और रमित बाहर
भारतीय अभय सिंह और वीर चोटरानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रिटिश ओपन स्क्वाश प्रतियोगिता के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है, जबकि रमित टंडन और अनाहत सिंह का अभियान इस पीएसए डायमंड स्तर के टूर्नामेंट में समाप्त हो गया।
विश्व रैंकिंग में 24वें स्थान पर काबिज अभय सिंह ने कोलंबिया के मैटियस नुडसेन को सीधे गेमों में 11-8, 11-5, 11-4 से हराया। विश्व के 44वें नंबर के खिलाड़ी वीर चोटरानी ने पाकिस्तान के नूर जमां को 11-8, 12-14, 11-6, 11-7 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
हालांकि, रमित टंडन अपना मुकाबला पूरा नहीं कर सके और फ्रांस के ऑगस्टे डुसोर्ड के खिलाफ मैच के दौरान बीच में ही हट गए। उस समय टंडन 14-12, 4-7 के स्कोर पर पीछे चल रहे थे।

महिला वर्ग में विश्व रैंकिंग में 21वें स्थान पर मौजूद अनाहत सिंह को मिस्र की विश्व नंबर 36 खिलाड़ी नार्डिन गारास के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। गारास ने यह मुकाबला 11-8, 8-11, 11-8, 11-9 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।



