Trending

अंडर-18 एशिया कप में भारत का विजय अभियान जारी, कोरिया को दी मात

अंडर-18 एशिया कप के पूल ए के अपने दूसरे मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां कोरिया को 3-1 से हराया। भारत से नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी और किरण एक्का ने गोल किए। पहले दिन मलेशिया को हराने वाली भारतीय टीम ने अपनी जीत का सिलसिला कायम रखा।

भारत ने शानदार शुरुआत की और पहले क्वार्टर में पेनल्टी हासिल की। नौशीन (चौथे मिनट में) ने पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा और दूसरे क्वार्टर में बढ़त को दोगुना कर दिया। खेल के 21वें मिनट में श्रुति ने एक शानदार मैदानी गोल दागा, जिससे भारत हाफ टाइम तक 2-0 से आगे था।

कोरिया ने तीसरे क्वार्टर में 41वें मिनट में ग्योंगमिन रियू के गोल से अंतर कम किया। इसके दो मिनट बाद किरण ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को फिर से मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

@TheHockeyIndia

इस मैच में भारतीय टीम ने चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जबकि कोरिया ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये। मलेशिया और कोरिया के खिलाफ जीत के बाद भारत अब पूल ए तालिका में छह अंकों के साथ शीर्ष पर है। वह दो जून को पूल ए के अपने अंतिम मैच में सिंगापुर के खिलाफ जीत का सिलसिला बरकरार रखने की कोशिश करेगा।

Related Articles

Back to top button