Trending

गायकवाड़ और कार्तिक की चमक: सीएसके ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से दी करारी शिकस्त

मुंबई इंडियंस को छोटे स्कोर पर रोकने के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (नाबाद 67) और कार्तिक शर्मा (नाबाद 54) के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 गेंद में 98 रन की अटूट साझेदारी से चेन्नई सुपर किंग्स ने यहां आईपीएल के एक अहम मैच में आठ विकेट से जीत दर्ज की।

अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद (दो विकेट) और अंशुल कंबोज (तीन विकेट) की अनुशासित गेंदबाजी से सीएसके ने मुंबई इंडियंस को महज 159 रन पर रोक दिया। फिर गायकवाड़ की पांच चौके और दो छक्के जड़ित नाबाद पारी और कार्तिक के चार चौके और तीन छक्के के पहले आईपीएल अर्धशतक से 160 रन बनाकर आसान जीत हासिल की जो इस सत्र में उसकी चौथी जीत है।

लगातार निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद पांच पांच आईपीएल खिताब जीत चुकी दोनों ही टीम का टूर्नामेंट में आगे का सफर इस मैच के नतीजे पर निर्भर था। सीएसके इस जीत से आठ अंक लेकर छठे स्थान पर आ गई जिससे उसकी प्लेऑफ में कदम बढ़ाने की संभावना बरकरार है जबकि मुंबई इंडियंस चार अंक से नौंवे स्थान पर है।

© BCCI

लक्ष्य इतना बड़ा नहीं था, गायकवाड़ और कार्तिक जल्दी मैच खत्म कर सकते थे लेकिन दोनों ने संयमित बल्लेबाजी करने को तरजीह दी। मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह (एक विकेट) ने दूसरे ओवर में एक बेहतरीन गेंद से शुरुआत की।

उनकी अच्छी लेंथ गेंद संजू सैमसन (11 रन) के बल्ले का बाहरी किनारा छूती हुई निकली, लेकिन स्लिप में खड़े विल जैक्स ने एक आसान सा कैच टपका दिया। पर सैमसन इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और ओवर के आखिर में रेयान रिकेलटन को कैच दे बैठे।

ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में सात रन दिए लेकिन सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने उनके दूसरे ओवर में दो चौके और एक छक्के से 17 रन जुटाए। कृष भगत के पहले ओवर में उर्विल पटेल (24 रन) ने डीप फाइन लेग पर छक्का जड़कर शुरूआत की और अगली गेंद को लांग ऑन पर चौके के लिए भेजा। उर्विल ने ओवर का अंत हेलीकॉप्टर शॉट से छक्का जड़कर किया जिससे इस ओवर में 18 रन जुड़े।

© BCCI

पावरप्ले के अंतिम ओवर में गायकवाड़ ने स्वीप शॉट से डीप स्क्वायर लेग में छक्का जड़ा लेकिन ए एम गजनफर ने इसी ओवर में उर्विल को बोल्ड कर उनकी पारी समाप्त की। छह ओवर में सीएसके ने दो विकेट पर 62 रन बना लिए थे।

गायकवाड़ ने 14वें ओवर की पहल गेंद पर एक रन लेकर 34 गेंद में अर्धशतक बनाया जिसमें दो चौके और दो छक्के जड़े थे। शुरू में सतर्कता से खेलने वाले कार्तिक ने अंत में आक्रामकता बरतते हुए आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक लगाया और चौका लगाकर अपनी टीम को जीत तक पहुंचाया।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद मेहमान टीम का प्रदर्शन काफी फीका रहा जिसमें केवल नमन ही कुछ देर टिककर खेल सके। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। उनके अलावा रेयान रिकेल्टन ने 37 रन और सूर्यकुमार यादव ने 21 रन बनाए।

© Associated Press

मुंबई इंडियस के कप्तान हार्दिक पंड्या का 18 रन बनाना टीम के संघर्ष की कहानी बयां करता है। मुकेश चौधरी ने सीएसके के लिए बेहतरीन शुरुआत की और पहले ही ओवर में सिर्फ एक रन दिया। इसके बाद आईपीएल में पदार्पण कर रहे रामकृष्ण घोष ने दूसरे ओवर में अंशुल कंबोज की गेंद पर जैक्स का एक शानदार कैच लपककर प्रभावित किया।

जैक्स ने ऑफ-स्टंप के बाहर आती गेंद पर आगे बढ़कर शॉट लगाने की कोशिश की और रामकृष्ण ने डीप बैकवर्ड प्वाइंट से दौड़ते हुए डाइव लगाकर कैच लिया जिससे एम ए चिदंबरम स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे।

नमन धीर ने पारी की पहली बाउंड्री लगाई जब उन्होंने गेंद को फ्लिक करने की कोशिश की जो उनके बल्ले से लगकर डीप फाइन लेग की ओर हवा में उड़ गई। शानदार फॉर्म में चल रहे रेयान रिकेलटन ने मुकेश की गेंदों पर एक्सट्रा कवर के ऊपर और डीप मिडविकेट के ऊपर लगातार दो छक्के जड़े।

फिर नमन भी लय में आ गए और उन्होंने कंबोज की गेंद पर एक जोदार छक्का जड़ दिया। फिर सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने प्रशांत वीर को गेंदबाजी के लिए बुलाया और रिकेलटन ने उनका स्वागत तीन छक्कों के साथ किया। यह ओवर मुंबई इंडियंस के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ जिससे उन्हें कुल 18 रन मिले।

नमन ने मुकेश की गेंद पर अपना दूसरा छक्का जड़ा और इस तरह मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले का समापन एक विकेट पर 57 रन के साथ किया। नमन जब 19 रन पर थे तब शिवम दुबे ने उनका कैच छोड़ दिया था जो बहुत ही आसान कैच था। सीएसके ने तुरंत वापसी करते हुए रिकेलटन का बड़ा विकेट ले लिया।

बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद ने उन्हें तब आउट किया जब रिकेलन ने घुटने पर बैठकर डीप मिडविकेट की तरफ शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे उर्विल पटेल के हाथों में चली गई।

रामकृष्ण ने अपने पदार्पण ओवर में सिर्फ सात रन दिए जिसमें सूर्यकुमार यादव (12 गेंद) का लगाया एक छक्का भी शामिल था। सूर्यकुमार ने नूर की गेंद पर भी एक छक्का और एक चौका जड़ा था। पर सूर्यकुमार अपनी तेज शुरुआत को एक बड़ी पारी में बदलने में फिर नाकाम रहे।

रामकृष्ण की गेंद को उन्होंने कवर के ऊपर से निकालने की कोशिश की, लेकिन डीप में लपके गए। रामकृष्ण ने इस तरह अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल किया।

मुंबई इंडियंस ने बीच के ओवरों में काफी डॉट गेंद खेली और तिलक वर्मा का बड़ा विकेट गंवा दिया जिन्होंने एक टर्न होती गेंद पर स्वीप शॉट लगाने की कोशिश की जो उनके बल्ले के ऊपरी किनारे पर लगकर गायकवाड़ के हाथों में समां गई। फिर हार्दिक कोई बड़ा शॉट लगाने में नाकाम रहे।

Related Articles

Back to top button