यूपी के अभिउदय क्वालीफाइंग के अगले दौर में, चीन के कैन लावानी भी जीते
आईटीएफ जूनियर जे 30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अभिउदय सिंह व चीन के कैन लावानी सहित भारत के निकुंज खुराना, पार्थिव नल्लागुंडला और वीरेन सूर्यवंशी ने आईटीएफ जूनियर जे 30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में बालक वर्ग के क्वालीफायर के पहले राउंड में एकतरफा जीत के साथ दूसरे राउंड में स्थान सुरक्षित किया।
भारत के अथर्व शुक्ला और कुशाग्र भारद्वाज ने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ दर्ज की रोमांचक जीत
उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर आयोजित टूर्नामेंट के पहले दिन शनिवार को क्वालीफाइंग राउंड के पहले दौर के मैच खेले गए।
बालक वर्ग में यूपी के अभिउदय सिंह ने सीधे सेटों में जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई जबकि यूपी के अन्य खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। भारत के अथर्व शुक्ला और कुशाग्र भारद्वाज ने तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबलों में संघर्षपूर्ण जीत अपने नाम की।

वहीं बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग के पहले राउंड में भारत की शाजफा वानिया ने एकतरफा जीत दर्ज की। दूसरी ओर मोदी हेमाक्षी मयूर ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया। वहीं ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी ने भी दमदार खेल दिखाया।
बालक वर्ग के क्वालीफाइंग के पहले राउंड में उत्तर प्रदेश के अभिउदय सिंह ने हारिस खान के खिलाफ सटीक खेल व बेहतरीन सर्विस से दबाव बनाया और 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की।

वहीं चीन के कैन लॉवानी ने भारत के रोहिन राज गुप्ता को एकतरफा मैच में 6-0, 6-2 से हराया। भारत के अथर्व शुक्ला ने मोहम्मद शीज के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद 4-6, 6-2, 10-6 से जीत दर्ज की। वहीं कुशाग्र भारद्वाज ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए निथिनबराथ केएस को 2-6, 6-1, 10-5 से हराया।
अन्य मुकाबलों में निकुंज खुराना ने नभित शर्मा को 6-0, 6-0 से, पार्थिव नल्लागुंडला ने ध्रुव प्रमोद को 6-0, 6-1 से, वीरेन सूर्यवंशी ने अमन सिंह को 6-0, 6-1 से हराया। इसी के साथ श्रेयंत महंतेशा, रौनक गिलरा, माधव दाधीच, अथर्व श्रीरामोजु और हर्ष मारवाहा ने भी जीत दर्ज की।
बालिका वर्ग में भी खेले गए रोमांचक मुकाबले
बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग के पहले राउंड में ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी ने भारत की सानवी रविकांत राजू को 6-3, 6-4 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। भारत की शाजफा वानिया ने पाखी बिष्ट को 6-0, 6-0 से हराकर जीत अपने नाम की।

मोदी हेमाक्षी मयूर ने भारत की ही अहाना को तीन सेट तक चले मैच में 4-6, 7-5, 10-6 से पराजित किया। इसी के साथ भारत की लेख्या श्री नुन्नबोइना ने प्रीतिका राणा को 6-1, 7-5 से और सारा हुडा ने अमेरिका की अनाया सेन को 6-3, 7-5 से हराया।
यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल व आयोजन सचिव समित केसरी ने बताया कि टूर्नामेंट में रविवार को क्वालीफाइंग के अंतिम राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 4 से 9 मई, 2026 तक मुख्य ड्रा के मैचों का आयोजन होगा।



