1 मई को हर साल मनाया जाता है गुजरात स्थापना दिवस

देश के पश्चिमी राज्य गुजरात के निर्माण को 66 साल पूरे हो चुके हैं। गुजरात राज्य की स्थापना 1 मई 1960 को हुई थी। इस दिन बॉम्बे राज्य को दो राज्यों (गुजरात और महाराष्ट्र) में विभाजित कर दिया गया था। इसके बाद से दोनों राज्यों ने देश के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में अहम योगदान दिया। 1947 में जब भारत एक स्वतंत्र देश बना, तो पश्चिमी भारत में बॉम्बे एक अलग राज्य था। 1950 के दशक में संयुक्त महाराष्ट्र समिति ने बॉम्बे के तत्कालीन द्विभाषी राज्य से अलग एक मराठी भाषी राज्य के निर्माण करने की मांग की थी, और सन 1960 में आज ही के दिन देश के इतिहास में गुजरात और महाराष्ट्र के रूप में दो ऐतिहासिक राज्यों का उदय हुआ था।
पश्चिमी भारत में स्थित गुजरात अपनी समृद्ध संस्कृति, विरासत और परंपराओं के लिए जाना जाता है। यह राज्य भारत के कुछ सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। साबरमती आश्रम, कच्छ का रण और एशियाई शेरों का अंतिम प्राकृतिक आवास पर्यटकों की पहली पसंद में शामिल हैं।
पूर्व का मैनचेस्टर कहा जाता है गुजरात :
आज के समय में गुजरात उद्योग और वाणिज्य का केंद्र है। गुजरात का विकास मॉडल एक दशक से अन्य राज्यों को विकास की राह दिखाता रहा है। राजधानी अहमदाबाद को कपड़ा उद्योग के कारण ‘पूर्व का मैनचेस्टर’ कहा जाता है। गुजरात दिवस राज्य के समृद्ध इतिहास और संस्कृति का उत्सव है। इस दिन, लोग विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रदर्शन में भाग लेते हैं।
गुजरात का इतिहास :
गुजरात का इतिहास ईसवी पूर्व लगभग 2,000 साल पुराना है। यह भी माना जाता है कि भगवान कृष्ण मथुरा छोड़कर सौराष्ट्र के पश्चिमी तट पर जा बसे, जो द्वारका यानी प्रवेशद्वार कहलाया। बाद के वर्षों में मौर्य, गुप्त, प्रतिहार तथा अन्य अनेक राजवंशों ने इस प्रदेश पर राज किया। चालुक्य (सोलंकी) राजाओं का शासनकाल गुजरात में प्रगति और समृद्धि का युग था। महमूद गजनवी की लूटपाट के बावजूद चालुक्य राजाओं ने यहां के लोगों की समृद्धि और भलाई का पूरा ध्यान रखा। इस गौरवपूर्ण काल के पश्चात गुजरात को मुसलमानों, मराठों और ब्रिटिश शासन के दौरान बुरे दिन देखने पड़े। आजादी से पहले गुजरात का वर्तमान क्षेत्र मुख्य रूप से दो भागों में बंटा था- एक ब्रिटिश क्षेत्र और दूसरा देसी रियासतें। राज्यों के पुनर्गठन के कारण सौराष्ट्र के राज्यों और कच्छ के केंद्रशासित प्रदेश के साथ पूर्व ब्रिटिश गुजरात को मिलाकर द्विभाषी बंबई राज्य का गठन हुआ। पहली मई, 1960 को वर्तमान गुजरात राज्य अस्तित्व में आया। गुजरात भारत के पश्चिमी तट पर स्थित है। इसके पश्चिम में अरब सागर, उत्तर में पाकिस्तान तथा उत्तर-पूर्व में राजस्थान, दक्षिण-पूर्व में मध्य प्रदेश और दक्षिण में महाराष्ट्र है। गुजरात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के शिल्पी लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की जन्मस्थली भी है। देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुजरात से ही हैं। गुजरात ने हमेशा से ही वैश्विक स्तर के राजनेता दिए हैं, जिन्होंने भारत के विकास की दिशा तय की।



