Trending

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की चुनाव आयोग से मुलाकात, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां भारत निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीयमंत्री किरेन रिजिजू, निर्मला सीतारमण और अर्जुन राम मेघवाल व अन्य नेता शामिल रहे। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ “आतंकवादी” टिप्पणी के लिए खरगे पर कड़ी कार्रवाई की मांग की और इसे देश के लोकतंत्र के खिलाफ बताया।

 

किरेन रिजिजू ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो न केवल एक राष्ट्रीय मुद्दा है बल्कि लोकतंत्र के लिए भी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहना एक गंभीर अपराध है और इस तरह की भाषा का प्रयोग पहले कभी किसी राजनीतिक दल द्वारा नहीं किया गया।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और कांग्रेस व मल्लिकार्जुन खरगे देश की जनता से माफी मांगें। चुनाव आयोग ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इससे पहले मंगलवार को भाजपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिख कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button