भारतीय नौसेना का गोताखोरी सहायता और पनडुब्बी बचाव पोत श्रीलंका के कोलंबो पहुंचा

भारतीय नौसेना का गोताखोरी सहायता और पनडुब्बी बचाव पोत, आईएनएस निरीक्षक, 21 अप्रैल 2026 को श्रीलंका के कोलंबो बंदरगाह पर पहुंचा, ताकि 21-27 अप्रैल 2026 तक निर्धारित द्विपक्षीय गोताखोरी अभ्यास, आईएन-एसएलएन डाइवएक्स 2026 के चौथे संस्करण में भाग ले सके।
इस संयुक्त अभ्यास में दोनों नौसेनाओं की गोताखोर टीमें अंतर-संचालनीयता, सामंजस्य और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष गोताखोरी अभियानों और प्रशिक्षणों में भाग लेंगी। एक सप्ताह तक चलने वाला यह अभ्यास भारत-श्रीलंका के समुद्री संबंधों और साझा समुद्री हितों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भारत की मानवीय सहायता पहल के तहत यह जहाज भारत सरकार की ‘आरोग्य मैत्री’ पहल के अंतर्गत श्रीलंका के अधिकारियों को दो मैत्री भीष्म क्यूब (भारत स्वास्थ्य पहल सहयोग हित एवं मैत्री) भेंट करेगा। ये अत्याधुनिक पोर्टेबल चिकित्सा इकाइयां 200 आपातकालीन मामलों को संभालने में सक्षम हैं और त्वरित प्रतिक्रिया प्रदान करने के लिए डिज़ाइन की गई हैं। इनमें बुनियादी प्रक्रियाओं के लिए आवश्यक दवाइयां और शल्य चिकित्सा उपकरण मौजूद हैं। समुद्री सुरक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय नौसेना श्रीलंकाई नौसेना को 9 मिमी गोला बारूद के 50,000 राउंड भी सौंपेगी।



