Trending

आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा-2026 की तैयारियां पूरी, एक मई से मंदिर कपाट खुलेंगे

पिथौरागढ़ : आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा-2026 के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जोलिंगकोंग स्थित शिव मंदिर के कपाट एक मई से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि इनर लाइन परमिट की ऑनलाइन प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी। प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को अलर्ट किया है।

 

आगामी आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए इनर लाइन परमिट की ऑनलाइन प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी। श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे, जबकि परमिट उपजिलाधिकारी धारचूला कार्यालय से जारी किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जोलिंगकोंग स्थित प्रमुख शिव मंदिर के कपाट एक मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

 

यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह को निर्देशित किया कि उनकी अध्यक्षता में टीम गठित कर यात्रा शुरू होने से पहले गुंजी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

 

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पिथौरागढ़, धारचूला और मुख्यालय स्तर पर प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही छोटे मेडिकल कैंप स्थापित करने, प्रमुख स्थानों पर एएलएस एंबुलेंस तैनात करने और आईटीबीपी से प्रत्येक चेकपोस्ट पर मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

 

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य को इनर लाइन परमिट की दैनिक निगरानी और श्रद्धालुओं का समुचित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में बेहतर योजना बनाई जा सके।

 

सड़क एवं परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा में धारचूला-गुंजी और गुंजी-आदि कैलाश-कालापानी मार्ग की स्थिति का आकलन किया गया। बीआरओ को यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई और ठहरने की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। सप्लाई विभाग को डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेट्रोल पंपों पर आवश्यक सुविधाएं बनाए रखने को भी कहा गया।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य उपचिकित्सा अधिकारी प्रशांत कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button