टी-72 और टी-90 टैंकों की खरीद के लिए रक्षा मंत्रालय ने अनुबंध पर किए हस्ताक्षर

रक्षा मंत्रालय ने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) और इलेक्ट्रो न्यूमेटिक्स एंड हाइड्रोलिक्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के साथ टी-72/टी-90 टैंकों के लिए लगभग 975 करोड़ रुपये की लागत पर ट्रॉल असेंबली की खरीद के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इन अनुबंधों पर 21 अप्रैल, 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्तक्षर किए गए।
टी-72/टी-90 टैंकों के लिए ट्रॉल असेंबली डीआरडीओ द्वारा विकसित एक महत्वपूर्ण उपकरण है जो भारतीय सेना की बारूदी सुरंगों को भेदने की क्षमता को बढ़ाएगा। इससे प्रॉक्सिमिटी मैग्नेटिक फ्यूज वाली एंटी-टैंक माइंस से भरे बारूदी सुरंग क्षेत्रों में वाहनों के लिए सुरक्षित मार्ग बनाने की अतिरिक्त क्षमता उत्पन्न होगी, जिससे भारतीय सेना की परिचालन क्षमता ( operational capibility) में वृद्धि होगी।
इस परियोजना में कंपोनेंट के विनिर्माण के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर को प्रोत्साहित करने के जरिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन की अपार क्षमता है।



