Trending

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाका, विराट कोहली ने कैप पर लिखा खास संदेश

विराट कोहली से मिलने की ख्वाहिश हर एक क्रिकेटर की होती है। अगर उनकी टीम के खिलाफ ही आप ताबड़तोड़ प्रदर्शन कर दें, तो ‘किंग’ की नजरों में आपकी इज्जत और भी बढ़ जाती है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के साथ भी शुक्रवार, 10 अप्रैल को कुछ ऐसा ही हुआ।

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हरा दिया। आरआर की इस जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी ही रहे, जिन्होंने 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ते हुए कुल 26 गेंदों में 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में लगातार तूफानी पारियां खेल रहे हैं। आरसीबी के खिलाफ खेली गई यह पारी उनके लिए भले ही आम बात हो, लेकिन उनका दिन उस वक्त और खास बन गया जब उन्हें विराट कोहली से एक स्पेशल गिफ्ट मिला।

@Vaibhavsooryava

यह गिफ्ट था उनकी आरआर की कैप पर विराट कोहली का ऑटोग्राफ। यह सिर्फ एक सिग्नेचर नहीं था, बल्कि विराट कोहली ने उनकी कैप पर एक खास संदेश भी लिखा, जिसकी तस्वीर खुद वैभव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की।

वैभव सूर्यवंशी ने मैच के दौरान की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इनमें से एक फोटो में उनका प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड, उनकी आरआर की कैप और ऑरेंज कैप नजर आ रही है। खास बात यह है कि उनकी आरआर की कैप पर विराट कोहली का ऑटोग्राफ मौजूद है। इस ऑटोग्राफ के साथ विराट ने लिखा— ‘डियर वैभव, वेल डन।’

वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के खिलाफ 78 रनों की शानदार पारी खेलकर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया है। वह अब आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। अब तक खेले गए 4 मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने 50 की औसत और 266.67 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 200 रन बनाए हैं। वह आईपीएल 2026 में 200 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

Related Articles

Back to top button