Trending

“नंबर सिर्फ एक आंकड़ा है, टीम जहाँ चाहेगी मैं वहाँ खेलूँगा” : ध्रुव जुरेल

आईपीएल के इस सत्र में चार पारियों में दो अर्धशतक जड़ चुके विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करके खुश हैं, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक ‘क्रम’ है और वह किसी भी पोजिशन पर उतरने के लिए तैयार रहते हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जुरेल उस समय क्रीज पर आए जब राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 21 रन था। उन्होंने 43 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाए और टीम को लगातार चौथी जीत दिलाई।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जुरेल ने कहा, “मैं पिछले साल पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहा था। आखिर में तो लक्ष्य मैच जीतना ही होता है। मैनेजमेंट ने मुझ पर भरोसा दिखाते हुए मुझे तीसरे नंबर पर भेजा है।”

साभार : गूगल

उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ एक नंबर है। मैं किसी खास नंबर की मांग नहीं करता। मेरा स्वभाव ऐसा ही है। अगर मुझे आठवें या नौवें नंबर पर भी भेजा जाएगा तो मैं योगदान देकर खुश रहूंगा। टीम को जहां मेरी जरूरत होगी, मैं उसके लिए तैयार हूं।”

राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में 78 रन बनाए। जुरेल ने यह भी कहा, “जब मैं तीसरे नंबर पर उतरता हूं तो मेरा काम आसान हो जाता है। वैभव हर गेंद पर आक्रामक बल्लेबाजी कर रहा था और उसे देखकर लगता था कि पिच पर कुछ खास नहीं है। क्रिकेट उतना आसान नहीं है जितना वह उसे बना देता है।”

उन्होंने आगे कहा, “जब आपको पता होता है कि वह गेंद को बेहतरीन तरीके से हिट कर रहा है और उस पर अच्छा दबाव भी होता है कि वह इतना अच्छा खेल रहा है और मुझे भी योगदान देना है, तब भी चीजें आसान लगती हैं क्योंकि लगता है कि जब वह इतना अच्छा खेल सकता है तो मैं भी खेल सकता हूं।”

Related Articles

Back to top button