Trending

वैष्णवी-सहजा की जीत से भारत की शानदार वापसी, न्यूजीलैंड के खिलाफ पलटा मैच

बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट

युवा वैष्णवी अडकर और सहजा यमलापल्ली ने अपने-अपने एकल मुकाबलों में आसान जीत दर्ज करते हुए भारत को बुधवार को यहां बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशियाना ग्रुप एक में शानदार वापसी दिलाई, जहां टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 की विजयी बढ़त बनाई।

पदार्पण कर रहीं वैष्णवी और सहजा को पहले मुकाबले में निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते भारत को बारिश से प्रभावित मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार वापसी की। दोनों युवा खिलाड़ियों ने दबाव की स्थिति में धैर्य बनाए रखते हुए अपने-अपने एकल मैच जीतकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर वैष्णवी ने अपने खेल में स्पष्ट सुधार दिखाया।

उन्होंने अनावश्यक गलतियों को कम किया और बेहतर नियंत्रण के साथ शॉट खेले। न्यूजीलैंड की खिलाड़ी आइशी दास के खिलाफ पहले एकल मुकाबले में उन्होंने एक घंटा 30 मिनट में सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से जीत दर्ज कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सहजा ने दूसरे एकल मुकाबले में वैलेंटिना इवानोव को 6-1, 6-3 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

अब रुतुजा भोसले और अंकिता रैना की जोड़ी महिला युगल मुकाबले में मोनिक बैरी और एरिन रूटलिफ के खिलाफ उतरेगी। वैष्णवी ने संवाददाताओं से कहा, “यह बिली जीन किंग कप में मेरा पहला मैच था, इसलिए मैं काफी नर्वस थी। मैं अपनी घबराहट से ठीक तरह से नहीं निपट पाई, लेकिन यह मेरे लिए एक सीख थी।”

उन्होंने आगे कहा, “आज कोर्ट पर उतरते समय मेरा ध्यान उसी चीज पर था, जिसमें मैं सबसे बेहतर हूं। मुझे बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था।” इससे पहले, रुतुजा भोसले और अंकिता रैना की युगल जीत के बावजूद भारत को सहजा की तीन सेट तक चले मुकाबले में पैचरिन चीपचंदेज से हार के कारण बारिश से प्रभावित पहले मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी।

विश्व रैंकिंग में 384वें स्थान पर काबिज सहजा से टीम को काफी उम्मीदें थीं। यह मुकाबला बारिश के कारण मंगलवार को बीच में रोकना पड़ा था।

भारत पहले एकल मैच में हार चुका था, ऐसे में सहजा से वापसी की उम्मीद थी, लेकिन 25 वर्षीय खिलाड़ी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही। वह विश्व रैंकिंग में 449वें स्थान पर काबिज पैचरिन से 4-6, 6-1, 4-6 से हार गई। यह मुकाबला दो घंटे 25 मिनट तक चला। इसके बाद भोसले और रैना की जोड़ी ने थासापोर्न नाकलो और पेंगटार्न प्लिप्यूच को 6-3, 6-4 से हराकर थाईलैंड को क्लीन स्वीप से वंचित कर दिया। यह मुकाबला एक घंटा 11 मिनट तक चला।

भारतीय कप्तान विशाल उप्पल ने मैच के बाद कहा, “हमें पहले से पता था कि थाईलैंड एक मजबूत टीम है। हमें बेहतरीन खेल दिखाना था, लेकिन हम वैसा प्रदर्शन नहीं कर सके। हालांकि, युगल मुकाबले में मिली जीत हमारे लिए सकारात्मक रही। अभी टूर्नामेंट में कई मुकाबले बाकी हैं और हर जीत महत्वपूर्ण है।”

निर्णायक सेट में 3-4 के स्कोर से खेल दोबारा शुरू होने पर सहजा ने फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया, जिससे पैचरिन ने अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 5-3 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपनी सर्विस बचाई, जब पैचरिन का बैकहैंड स्लाइस नेट में चला गया, जिससे स्कोर 4-5 हो गया।

मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। सहजा ने बेहतरीन ग्राउंडस्ट्रोक लगाए और बेसलाइन से दबदबा बनाया। उन्होंने ब्रेक प्वाइंट भी हासिल किया, जब थाई खिलाड़ी के शॉट बाहर गए। लेकिन निर्णायक क्षणों में उनसे गलती हो गई और उनके शॉट बाहर चले गए। इसके बाद रिटर्न में भी चूक हुई, जिससे थाई खिलाड़ी जीत दर्ज करने में सफल रही। इससे पहले मंगलवार को वैष्णवी अडकर को औंचिसा चांता के खिलाफ 1-6, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा था।

Related Articles

Back to top button