प्रधानमंत्री ने कोटा एयरपोर्ट का शिलान्यास किया, कहा- हाड़ौती क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कोटा एयरपोर्ट के शिलान्यास समारोह को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि यह आधुनिक हवाई अड्डा हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई गति देगा और आने वाले समय में यहां व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए आज का दिन नई उम्मीद और नई उपलब्धि का दिन है। लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक एयरपोर्ट आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि जब यह एयरपोर्ट चालू हो जाएगा तो कोटा सहित पूरे इलाके में यात्रा आसान होगी और व्यापार तेजी से बढ़ेगा। पहले लोगों को हवाई यात्रा के लिए जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता था लेकिन अब क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा का अनोखा केंद्र बताते हुए कहा कि यहां परमाणु, कोयला, गैस और जल से बिजली उत्पादन होता है। कोटा डोरिया साड़ियों, कोटा स्टोन और बूंदी के बासमती चावल जैसे स्थानीय उत्पादों को भी इस एयरपोर्ट से नई पहचान और बाजार मिलेगा। क्षेत्र में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। श्री मथुराधीश जी, गरड़िया महादेव और मुकुंदरा हिल्स जैसे धार्मिक और प्राकृतिक स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। बेहतर हवाई संपर्क से इसका सीधा लाभ युवाओं, व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोटा में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कोटा के दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जबकि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कोटा और बूंदी से होकर गुजरते हुए पूरे क्षेत्र के विकास के लिए नया द्वार खोल रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में 2014 में जहां केवल 70 हवाई अड्डे थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा का नया एयरपोर्ट भी इसी तरह क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।
प्रधानमंत्री ने कोटा के सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत इरादों और डबल इंजन की सरकार के साथ राजस्थान तेज गति से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और विकसित राजस्थान, विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती दे रहा है।



