Trending

अमेरिका और ईयू के साथ जल्द ही व्यापार समझौते संपन्न होने की उम्मीद: वित्त मंत्री

नई दिल्ली : केंद्रीय वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है, जल्द ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

वित्‍त मंत्री ने राजधानी नई दिल्ली में एक्जिम बैंक ट्रेड कॉन्क्लेव 2025 के दौरान ‘विकसित भारत के लिए निर्यातोन्मुख विकास’ विषय पर आयोजित सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत ने पहले ही संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और चार देशों के यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) ब्लॉक के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर कर लिए हैं, जबकि ब्रिटेन के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है।

इंडिया एक्जिम बैंक के व्यापार सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब अधिक मुक्त व्यापार समझौते करने पर जोर दिया जा रहा है। सीतारमण ने कह कि अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ बातचीत वास्तव में बेहद तेजी से जारी है और जल्द ही निष्कर्ष पर पहुंच जाएगी। वर्ष 2030 तक 2,000 अरब अमेरिकी डॉलर के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निर्यात को बढ़ावा देने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

वित्त मंत्री ने देश के निर्यात का उल्लेख करते हुए कहा कि वित्‍त वर्ष 2024-25 में वस्तुओं एवं सेवाओं का कुल निर्यात 825 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो वित्‍त वर्ष 2023-24 की तुलना में छह फीसदी की वृद्धि है। इसके साथ ही वित्‍त वर्ष 2013-14 के 466 अरब अमेरिकी डॉलर से एक महत्वपूर्ण छलांग है। जहां वैश्विक निर्यात में केवल चार फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं, भारत के निर्यातक व्यापार मोर्चे पर वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद तेजी से आगे बढ़ने और 6.3 फीसदी की वृद्धि को पार करने में सफल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button