Trending

हमारी सरकार का संकल्प है, देशभर से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा : अमित शाह

अहमदाबाद : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने पश्चिम बंगाल चुनाव में जो वादे किए थे, उसके अनुसार बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग और सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। हमारी सरकार का संकल्प है कि देशभर से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा।

 

केंद्रीय मंत्री शाह अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को अहमदाबाद के एस.जी. हाइवे स्थित सोला उमियाधाम कैंपस में पाटीदार समाज के युवाओं के लिए नवनिर्मित जे.एस. पटेल कुमार छात्रावास और तपस्वीकुमार पटेल कन्या छात्रावास के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

 

शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश के 80 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा का शासन है। हमने पश्चिम बंगाल चुनाव में जो वादे किए थे, उसके अनुसार बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग और सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार ने सात दिनों में 600 हेक्टेयर जमीन बीएसएफ को सौंप दी है। हमारी सरकार का संकल्प है कि देशभर से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ‘डेमोग्राफी चेंज कमीशन’ की स्थापना कर रही है, जो एक वर्ष में अपनी रिपोर्ट सौंपेगा और अवैध जनसंख्या संतुलन को रोकने के लिए नए कानून की दिशा में काम करेगा।”

 

गृहमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को याद करते हुए कहा, “आज वीर सावरकर की जयंती है। वे ऐसे प्रखर राष्ट्रभक्त थे जिन्हें किसी सरकारी सम्मान की आवश्यकता नहीं थी। देश का बच्चा-बच्चा उन्हें वीर सावरकर के नाम से जानता है। अंग्रेजों ने उन्हें एक ही जीवन में दो बार आजीवन कारावास की सजा दी थी। उन्होंने जेल की दीवारों पर अपने खून से कविताएं लिखीं और समाज में अस्पृश्यता के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्य किए।”

 

उन्होंने कहा कि करीब 4.33 लाख वर्गफुट क्षेत्र में बने इस अत्याधुनिक हॉस्टल में उच्च शिक्षा के लिए आने वाले लगभग 1600 विद्यार्थियों को रहने और भोजन की फाइव स्टार जैसी स्मार्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही यूपीएससी-जीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विश्वस्तरीय शैक्षणिक वातावरण भी मिलेगा। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉस्टल प्रोजेक्ट में 2,16,807 वर्गफुट की बॉयज़ हॉस्टल और 2,19,807 वर्गफुट की गर्ल्स हॉस्टल बनाई गई है। दोनों मिलाकर कुल 4,33,914 वर्गफुट क्षेत्र में यह विशाल परिसर तैयार किया गया है।

 

ऊंझा कड़वा पाटीदार समाज के उमिया माताजी संस्थान द्वारा तैयार किए गए इस मेगा प्रोजेक्ट के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित पाटीदार समाज के वरिष्ठ नेता और कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button