कलाई की चोट बनी बाधा, खिताब बचाने सिनसिनाटी नहीं उतरेंगे अल्काराज
दुनिया के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने दाईं कलाई की चोट के कारण मंगलवार को सिनसिनाटी ओपन से अपना नाम वापस ले लिया। अप्रैल से चली आ रही यह चोट अब भी उन्हें परेशान कर रही है।
स्पेन के अल्काराज इस प्रतिष्ठित हार्ड कोर्ट टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने की तैयारी कर रहे थे। यूएस ओपन से पहले सिनसिनाटी ओपन को सबसे महत्वपूर्ण अभ्यास टूर्नामेंटों में से एक माना जाता है।
टूर्नामेंट निदेशक बॉब मोरान ने कहा, “हम जानते हैं कि कार्लोस जल्द से जल्द कोर्ट पर लौटने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और भविष्य में सिनसिनाटी में उनका फिर से स्वागत करने की उम्मीद करते हैं।”

अल्काराज का पिछला टूर्नामेंट बार्सिलोना ओपन था। इसके बाद से वह इस सत्र में प्रतिस्पर्धी टेनिस से बाहर हैं। हालांकि, हाल ही में सामने आई तस्वीरों और वीडियो में उन्हें अभ्यास करते हुए देखा गया था, जिससे उम्मीद जताई जा रही थी कि वह 11 अगस्त से शुरू होने वाले सिनसिनाटी ओपन के जरिए वापसी करेंगे।
हालांकि सिनसिनाटी ओपन से हटने के बावजूद यूएस ओपन में उनकी वापसी की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। अल्काराज मौजूदा यूएस ओपन चैंपियन भी हैं।


