लखनऊ सुपर जायंट्स की ‘बल्ले-बल्ले’: जोश इंग्लिस की एंट्री, क्या बदल जाएगी टीम की किस्मत
आईपीएल 2026 में फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रही लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक सकारात्मक अपडेट सामने आया है। टीम को 4 मई को होने वाले अगले मैच से पहले बड़ा फायदा मिला है क्योंकि जोश इंग्लिस अब टीम के साथ जुड़ गए हैं। वह इस मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इंग्लिस ने नीलामी से पहले ही फ्रेंचाइज़ियों को बताया था कि अपनी शादी की वजह से वह आईपीएल 2026 के लिए ज्यादा समय उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसके बाद पंजाब किंग्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद भी लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें ऑक्शन में 8.60 करोड़ में खरीद लिया।
उनकी शादी 18 अप्रैल को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के मार्गरेट रिवर में हुई। 31 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लिस ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए 11 मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 31 की औसत और 162 की स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए थे।

जोश इंग्लिस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। 8 मैचों में टीम के सिर्फ 4 ही पॉइंट हैं। पहले तीन मैचों में दो जीत हासिल करने के बाद लखनऊ को अगले 5 मैचों में हार झेलनी पड़ी।
टीम के हार की सबसे बड़ी वजह खराब बल्लेबाजी हैं। इंग्लिस के आने से बल्लेबाजी मजबूत होगी। टी20 में इंग्लिस के नाम दो शतक हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी भी कर चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके वापस अपने देश लौट गए हैं। निजी कारणों से केकेआर के खिलाफ सुपर ओवर में टीम को मिली हार के बाद वह वापस गए।
रिपोर्ट के अनुसार ऐसा माना जा रहा है कि ब्रीट्जके इसलिए साउथ अफ्रीका गए हैं क्योंकि हाल ही में उनकी पत्नी के परिवार के किसी करीबी सदस्य का निधन हो गया था। उनके वापस लौटने पर अभी तक कोई जानकारी नहीं है। उन्हें अभी तक प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है।



