Trending

जब प्रीति जिंटा ने लगाया था बड़ा दांव, और केएल राहुल ने बदल दी किस्मत

भरोसा एक ऐसी चीज है जो किसी भी इंसान से कुछ भी करवा सकता है, हालांकि इसे सही समय पर और सही व्यक्ति पर दिखाना बेहद जरूरी होता है। ऐसा ही भरोसा 2018 में पंजाब किंग्स की सह-मालिक प्रीति जिंटा ने केएल राहुल पर जताया था।

केएल राहुल का आईपीएल डेब्यू 2013 में हुआ था और उनकी पहली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु थी। आरसीबी ने उन्हें 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। 2013 से 2016 के बीच वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद दोनों टीमों का हिस्सा रहे, लेकिन उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। इसी दौरान उन पर ‘टेस्ट स्पेशलिस्ट’ का टैग भी लग गया।

2017 में चोट की वजह से राहुल आईपीएल से बाहर हो गए, और उस समय ऐसा लगने लगा कि उनका आईपीएल करियर शायद यहीं समाप्त हो जाएगा। इसके बाद एंट्री होती है प्रीति जिंटा की। पंजाब किंग्स की इस सह-मालिक ने केएल राहुल पर जो भरोसा जताया, उसके लिए आज भी राहुल उनके आभारी होंगे।

साभार : गूगल

2013 में आरसीबी से आईपीएल डेब्यू करने के बाद केएल राहुल 2014 और 2015 का सीजन सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेले। मगर वह वहां भी कुछ कमाल नहीं कर पाए। 2016 में उनकी आरसीबी की टीम में वापसी हुई।

इस बार उनके प्रदर्शन में थोड़ा सुधार आया, मगर अगले ही सीजन वह चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए। राहुल ने आईपीएल 2016 में 14 मैचों में 397 रन बनाए थे। इससे पहले तीन सीजन में वह एक भी बार 200 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाए थे।

केएल राहुल एक तरफ आईपीएल में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम हो रहे थे, वहीं टेस्ट क्रिकेट में वह अपनी शानदार तकनीक से धमाल मचा रहे थे। 2015 और 2016 में वह कुल 4 शतक लगा चुके थे, जिनमें से 2 शतक सिडनी और किंगस्टन में आए थे। उन्हें टेस्ट स्पेशलिस्ट का टैग मिल चुका था। 2017 में जब वह कंधे की गंभीर चोट के चलते आईपीएल से बाहर हुए तो हर किसी को लगने लगा कि उनका आईपीएल करियर अब बस यहीं समाप्त हो जाएगा।

लेकिन इसके बाद प्रीति जिंटा की पंजाब किंग्स (उस समय किंग्स XI पंजाब) उनकी जिंदगी में एक फरिश्ता बनकर आई। पंजाब टीम ने केएल राहुल पर 11 करोड़ रुपए का दांव चला। जैसे ही नीलामी में पंजाब ने राहुल को खरीदा तो क्रिकेट के गलियारों में बातें होने लगी कि कैसे कोई टीम इतनी मुर्ख हो सकती है कि टेस्ट स्पेशलिस्ट बल्लेबाज पर टी20 क्रिकेट के लिए 11 करोड़ रुपए खर्च कर दिए।

जब तक आईपीएल शुरू नहीं हुआ राहुल को लेकर प्रीति जिंटा को अकसर ट्रोल किया जाता था। मगर जब टूर्नामेंट का आगाज हुआ तो सारी आवाज बंद हो गई। आर अश्विन की कप्तानी में पंजाब किंग्स के लिए डेब्यू करते हुए केएल राहुल ने पहले ही मैच में 14 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया। यह उस समय आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक था।

राहुल से पहले यह रिकॉर्ड सुनील नरेन और यूसुफ पठान के नाम था, जिन्होंने 15-15 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी थी। केएल राहुल ने अपनी इस पारी से ही सभी आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया था। केएल राहुल का आईपीएल 2018 का सीजन करियर बदल देने वाला सीजन रहा। उन्होंने 14 मैचों में 54.91 की औसत के साथ 659 रन बनाए।

राहुल इसके बाद पंजाब किंग्स के कप्तान भी बने। उन्हें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने भी अपने स्क्वॉड मं शामिल कर कप्तान बनाया। 2018 से 2025 आईपीएल के बीच केएल राहुल ने सिर्फ एक बार 500 से कम रन बनाए, वो भी 2023 में जब वह चोट के चलते बीच सीजन में बाहर हुए थे।

हां, आईपीएल में केएल राहुल के स्ट्राइक रेट की आलोचना होती आई है, मगर पिछले दो सीजन में उन्होंने इस जगह भी सुधार किया है। राहुल ने 2025 में 149.72 के स्ट्राइक रेट के साथ 539 रन बनाए थे। वहीं 2026 के मौजूदा सीजन में वह 185.84 के स्ट्राइक रेट के साथ 433 रन बना चुके हैं। केएल राहुल ने आईपीएल 2018 से पहले एक भी प्लेयर ऑफ द मैच नहीं जीता था। इस सीजन जब उनकी किस्मत पटली तब से लेकर वह अभी तक 17 बार टीम की जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं।

पिछले 9 सालों में अगर सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पर नजर डालें तो दूसरे नंबर पर जोस बटलर और शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 13-13 बार यह कारनामा किया है। वहीं विराट कोहली 9 प्लेयर ऑफ द मैच के साथ चौथे पायदान पर हैं।

2018 से IPL में सबसे ज्यादा POTM अवॉर्ड्स

17 – केएल राहुल*

13 – जोस बटलर, शुभमन गिल

11 – सुनील नरेन, राशिद खान, रुतुराज गायकवाड़

10 – एबी डिविलियर्स, शिखर धवन, आर जडेजा, आंद्रे रसेल, संजू सैमसन

9 – जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, सूर्यकुमार

Related Articles

Back to top button