Trending

डेविड मिलर की साहसिक कोशिश के बावजूद दिल्ली पस्त, गुजरात ने रोमांचक तरीके से खोला जीत का खाता

रोमांच की चरम पर पहुंचे मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराकर आईपीएल के इस सत्र में पहली जीत दर्ज की जबकि केएल राहुल और डेविड मिलर की साहसिक पारियां भी दिल्ली को इस नाटकीय हार से बचा नहीं सकी।

जीत के लिए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली से केएल राहुल ने 92 रन बनाये। दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिये थे और मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन दे डाले। डेविड मिलर नाबाद 41 के साथ दिल्ली को मैच में बनाये रखा।

आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन की जरूरत थी और प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विपराज निगम ने चौका जड़ दिया। अगली गेंद पर निगम आउट हो गए जबकि चौथी गेंद पर मिलर ने छक्का लगाया। आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए। दिल्ली ने वाइड गेंद के लिये रिव्यू भी लिया जो नाकाम रहा।

© BCCI

गुजरात के लिये अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद ने तीन विकेट लिये। पहले बल्लेबाजी करते हुए गिल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिये शतकीय साझेदारी से गुजरात टाइटंस ने 210 रन बनाये थे।

मांसपेशी में ऐंठन से उबरकर लौटने वाले गिल ने 70 रन बनाये जबकि बटलर ने 52 और सुंदर ने 55 रन बनाये। दिल्ली से लुंगी एनगिडि ने एक विकेट लिया।

© BCCI

तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को दो विकेट मिले। भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने एक विकेट लिया। दिल्ली को पाथुम निसांका और राहुल ने अच्छी शुरूआत दी और पहले विकेट की साझेदारी में 76 रन जोड़े।

दोनों ने छठे ओवर में अशोक शर्मा को खासी नसीहत दी जब राहुल ने चौका और निसांका ने तीन चौके तथा एक छक्का लगाकर 23 रन निकाले। प्रसिद्ध कृष्णा ने इस साझेदारी को नौवें ओवर में तोड़ा जब पहली गेंद पर निसांका मिडआफ में राहुल तेवतिया को कैच दे बैठे। निसांका ने 41 रन बनाये।

राहुल ने इसी ओवर में डीप स्क्वेयर लेग पर चौका, स्ट्रेट और लांग आफ में छक्का लगाने के बाद चौके के साथ अपना पचासा पूरा किया। दिल्ली के सौ रन दसवें ओवर में बने। इसी ओवर की अंतिम दो गेंदों पर हालांकि राशिद ने असहज दिख रहे नीतिश राणा (पांच) और फॉर्म में चल रहे समीर रिजवी (0) को पवेलियन भेजकर दिल्ली को दो करारे झटके दिये।

© BCCI

दिल्ली की उम्मीदें राहुल पर थी लेकिन वह शतक से आठ रन पीछे रह गए और 17वें ओवर में सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे बटलर को कैच दे बैठे। गुजरात के लिये भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज साइ सुदर्शन ने अच्छी शुरूआत की और पहली ही गेंद पर मुकेश कुमार को स्ट्रेट चौका लगाया। अगले ओवर की पहली गेंद पर एनगिडि को कवर में चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर किये।

सुदर्शन अगले ओवर में मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए और 19 के स्कोर पर गुजरात ने पहला विकेट गंवा दिया। बटलर ने अपने पुराने फॉर्म की झलक देते हुए गुजरात की रनगति को अपने आकर्षक स्ट्रोक्स से आगे बढाना जारी रखा। उन्होंने मुकेश का स्वागत स्ट्रेट में छक्का लगाकर किया।

दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल चौथे ओवर में खुद गेंदबाजी के लिये आये लेकिन पहली गेंद पर बटलर ने चौका लगाया और अगली गेंद को लांग आन सीमारेखा के पार पहुंचाया। अक्षर के पहले ओवर में 13 रन बने।

बटलर ने पांचवें ओवर में मुकेश को खासी नसीहत देते हुए तीन छक्के और एक चौके के साथ 23 रन निकाले। स्ट्रेट और लांग आन में छक्के के साथ उन्होंने गुजरात के पचास रन 4.2 ओवर में पूरे किये। पावरप्ले के छह ओवर में गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 68 रन था।

बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा दूसरे छोर से देख रहे गिल को स्ट्राइक नहीं मिलने का मलाल नहीं रहा होगा। इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अक्षर की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और पांच छक्के थे।

इस साझेदारी को खतरनाक होती देख अक्षर ने अपने सबसे होनहार गेंदबाज कुलदीप यादव को गेंद सौंपी और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया। कलाई के इस स्पिनर की नीची गेंद पर बटलर चकमा खाकर बोल्ड हो गए।

गुजरात के बल्लेबाज सातवें से दसवें ओवर के बीच 33 रन ही बना सके और एक विकेट भी गंवाया। दस ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 101 रन था। दिल्ली के लिये 12वां ओवर भी काफी महंगा साबित हुआ जिसमें 23 रन बने। पहले वॉशिंगटन सुंदर ने डीप मिडविकेट के ऊपर से विपराज निगम को छक्का लगाया। गिल ने गेंदबाज के सिर से ऊपर से गेंद को सीमा पार भेजा।

गिल ने 15वें ओवर में एनगिडि को डीप स्क्वेयर लेग में चौका लगातर अपना अर्धशतक पूरा किया। कुलदीप 17वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिये आये जिन्होंने पहली गेंद लेग स्टम्प के बाहर शॉर्ट डाली जिस पर गिल ने जबर्दस्त पुल शॉट खेलकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर छक्का लगाने के बाद चौथी गेंद पर अपनी पारी का पांचवां छक्का जड़ा।

तीसरे विकेट के लिए गिल और सुंदर ने 56 गेंद में सौ रन की साझेदारी पूरी कर ली। गिल की पारी का अंत एंगिडि ने किया जब गुजरात का स्कोर 183 रन था। वह आफ स्टम्प से बाहर जाती फुल लैंग्थ गेंद पर मिड आफ में नीतिश राणा को कैच दे बैठे।

सुंदर ने नटराजन को 19वें ओवर में स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। अंतिम ओवर में वह मुकेश की गेंद पर राणा को कैच देकर लौटे। उन्होंने 31 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये।

Related Articles

Back to top button