बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी का धमाका, पीवी सिंधु और प्रणय भी प्री-क्वार्टर फाइनल में
भारत के उभरते हुए स्टार आयुष शेट्टी ने बुधवार को यहां बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी लिन शी फेंग को हराया। पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु और अनुभवी एचएस प्रणय भी प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।
अमेरिकी ओपन 2025 के चैंपियन आयुष ने चीन के स्टार लिन को 51 मिनट में 21-13, 21-16 से हराया। दोनों गेम में लिन की अच्छी शुरुआत के बावजूद आयुष ने दबदबा बनाते हुए अंतिम 16 में जगह बना ली।
लिन ने मैच की शुरुआत में 4-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन आयुष ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बनाकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी ने फिर अच्छी शुरुआत करते हुए 4-1 की बढ़त हासिल की और इसे 12-9 तक पहुंचाया, लेकिन आयुष ने लगातार छह अंक बनाकर मैच का रुख बदल दिया और स्कोर 18-13 कर दिया।

लिन ने अंतर कम करते हुए स्कोर 16-18 कर लिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने संयम बनाए रखा और लगातार तीन अंक जीतकर खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे लिन को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। महिला एकल में सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 57 मिनट में 15-21, 21-11, 21-19 से हराया।
अब सिंधु का सामना प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की वांग झी यी से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 3-3 का बराबरी का रिकॉर्ड रहा है। पुरुष एकल में अनुभवी प्रणय ने वियतनाम के एनगुएन हेई डांग को 47 मिनट में 24-22, 21-12 से हराया।

दूसरे दौर में उनका सामना चीन के होंग यांग से होगा, जिन्हें पहले दौर में वॉकओवर मिला था। लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, मालविका बंसोड़ और तन्वी शर्मा पहले दौर में ही हारकर बाहर हो गए।



