द इंडियन व्यू

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

Prakhar
November 26, 2026
4 min read
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

मोहाली: राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

इस जीत के साथ टीम ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी।

वहीं, गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत ने घुमनहेड़ा राइजर्स अकादमी, नई दिल्ली को 3-1 से हराया, जबकि नामधारी इलेवन ने रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, मुंबई के खिलाफ 7-1 की शानदार जीत दर्ज की।

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने शुरुआती झटके से उबरते हुए सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को 2-1 से मात दी और टूर्नामेंट में अपना शत-प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा। सुरजीत हॉकी अकादमी ने आक्रामक शुरुआत की और दूसरे ही मिनट में चरनजीत सिंह के फील्ड गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली।

शुरुआती क्वार्टर के अंत तक यही स्कोर रहा। दूसरे क्वार्टर में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने संयम के साथ वापसी की। 25वें मिनट में अमनदीप ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया और दोनों टीमें मध्यांतर तक बराबरी पर रहीं। ब्रेक के पांच मिनट बाद मेजबान टीम ने निर्णायक बढ़त हासिल की।

35वें मिनट में सचिन ने शानदार फील्ड गोल करते हुए राउंडग्लास को 2-1 से आगे कर दिया। आखिरी क्वार्टर में सुरजीत हॉकी अकादमी ने बराबरी का गोल करने के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन राउंडग्लास की रक्षापंक्ति ने मजबूती से मुकाबला करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी और टीम को पूरे तीन अंक दिलाए।

दिन के पहले मुकाबले में गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत ने घुमनहेड़ा राइजर्स अकादमी, नई दिल्ली को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

सोनीपत की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाई। पांचवें मिनट में कप्तान वीर कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। शुरुआती क्वार्टर के अंत तक सोनीपत आगे रही। मध्यांतर से ठीक पहले टीम ने 27वें मिनट में दो त्वरित गोल दागकर अपनी बढ़त को 3-0 कर दिया। सचिन और दुविश ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में घुमनहेड़ा राइजर्स अकादमी ने वापसी की कोशिश की और 33वें मिनट में आशु ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-3 किया। हालांकि, इसके बाद सोनीपत की रक्षापंक्ति ने विपक्षी टीम को कोई और मौका नहीं दिया और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

दिन के दूसरे मुकाबले में नामधारी इलेवन ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन करते हुए रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, मुंबई को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के नायक मिस्बाह खान रहे, जिन्होंने चार गोल दागे। शुरुआती क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद मिस्बाह खान ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर नामधारी इलेवन का खाता खोला।

इसके बाद 29वें मिनट में अमानतवीर सिंह ने फील्ड गोल करते हुए बढ़त 2-0 कर दी और टीम इसी स्कोर के साथ मध्यांतर तक पहुंची। तीसरे क्वार्टर में नामधारी इलेवन ने मुकाबले पर पूरी तरह अपना दबदबा बना लिया। 31वें मिनट में मिस्बाह खान ने फील्ड गोल किया, जबकि 37वें मिनट में कप्तान बिहारा सिंह ने एक और गोल दागकर टीम को 4-0 से आगे कर दिया।

मुंबई की ओर से 40वें मिनट में हेथोइबा चिंगशुबम ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए एक गोल किया। हालांकि, इसके तुरंत बाद 42वें मिनट में मिस्बाह खान ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की।

45वें मिनट में सोनू ने फील्ड गोल किया और तीसरे क्वार्टर के अंत तक नामधारी इलेवन ने 6-1 की बढ़त बना ली। आखिरी क्वार्टर में मिस्बाह खान ने 56वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना चौथा गोल किया और टीम को 7-1 से शानदार जीत दिलाई।

आठवें दिन के खेल के बाद राउंडग्लास हॉकी अकादमी पांच मुकाबलों में 15 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर मजबूती से कायम है। टीम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से तीन अंकों की बढ़त बना रखी है। ओडिशा नेवल टाटा हॉकी एचपीसी (चार मैच), घुमनहेड़ा राइजर्स अकादमी, नई दिल्ली (छह मैच) और नेवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर (पांच मैच) के खाते में 12-12 अंक हैं।

राउंडग्लास हॉकी अकादमी और हॉकी पंजाब के संयुक्त आयोजन में खेली जा रही पंजाब हॉकी लीग का उद्देश्य जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मैच खेलने का अवसर प्रदान करना है, ताकि उनके पेशेवर और व्यक्तिगत विकास में सार्थक योगदान दिया जा सके।

कल के मुकाबले (शुक्रवार, 27 नवंबर, 2026):

सुबह 11:00 बजे: मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई बनाम गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत

दोपहर 1:00 बजे: ओडिशा नेवल टाटा हॉकी एचपीसी बनाम नामधारी इलेवन

दोपहर 3:00 बजे: स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु (एसडीएटी) बनाम नेवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।

सिंधु को 2028 में उबेर कप खिताब का इंतजार, भारतीय टीम के साथ रचेंगी इतिहास

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु की नजरें 2028 में पहली बार उबेर कप का खिताब जीतने पर हैं और उन्होंने कहा कि अगर उन्हें घरेलू मैदान पर फिर से इस प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलता है तो वह टीम के साथ खिताब जीतने के लिए पूरा जोर लगाना चाहेंगी।