द इंडियन व्यू

एलयू की चुनौती सेमीफाइनल में थमी, हिमाचल ने पांच विकेट से हराया; दिल्ली विश्वविद्यालय भी फाइनल में

लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित नॉर्थ जोन पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत आज विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक प्रांगण में खेले जा रहे सेमीफाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने किया।

Prakhar
November 26, 2026
4 min read
एलयू की चुनौती सेमीफाइनल में थमी, हिमाचल ने पांच विकेट से हराया; दिल्ली विश्वविद्यालय भी फाइनल में

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित नॉर्थ जोन पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत आज विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक प्रांगण में खेले जा रहे सेमीफाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने किया।

नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट

कार्यक्रम की शुरुआत में लखनऊ विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा मुख्य अतिथि को गरिमामय गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

लखनऊ विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल का भव्य उद्घाटन

इसके पश्चात टूर्नामेंट के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी प्रोफेसर अजय कुमार आर्य ने मुख्य अतिथि सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय एथलेटिक एसोसिएशन के मार्शल प्रॉक्टर प्रोफेसर राकेश द्विवेदी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के संरक्षक एवं अध्यक्ष, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विश्वविद्यालय की खेल उपलब्धियों, खेल संस्कृति और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की जानकारी दी। सांसद महोदय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन और सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय एथलेटिक एसोसिएशन के मार्शल प्रॉक्टर प्रोफेसर राकेश द्विवेदी ने कुलपति महोदय का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के ऑब्जर्वर अयाज खान, पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी उबैद कमाल तथा हरियाणा की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल चुके धनदास सिंह सहित अनेक खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी, प्रेस एवं मीडिया के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को कड़ी चुनौती दी, लेकिन टीम खिताबी मुकाबले में जगह बनाने से चूक गई।

एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पांच विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। एलयू की ओर से सलामी बल्लेबाज आदि आदेश शुक्ला ने शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली विश्वविद्यालय ने सुमित चिकारा के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत चंडीगढ़ विश्वविद्यालय को आठ विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

आर्यवर्त के नाबाद अर्धशतक से हिमाचल की जीत

एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट पर 167 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज आदि आदेश शुक्ला ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। अर्पित साहू ने 34 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि आयुष सिंह 21 रन बनाकर नाबाद रहे।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से रोहित ठाकुर, राजीव और अरशद धीमान ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 25.5 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाकर पांच विकेट से मुकाबला जीत लिया। ध्रुव सिंह (22) और सुकृत शर्मा (27) ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दी।

इसके बाद आर्यवर्त शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 67 रन बनाए। अरशद धीमान ने 21 और सोहम ने 20 रन का योगदान दिया। लखनऊ विश्वविद्यालय से महमूद खान ने दो विकेट चटकाए।

सुमित चिकारा के हरफनमौला प्रदर्शन से दिल्ली फाइनल में

आरएसजी क्रिकेट स्टेडियम, अलीगंज में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली विश्वविद्यालय ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय को आठ विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की टीम 20.5 ओवर में 113 रन पर सिमट गई।

अभिषेक सिंह ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। कार्तिक शर्मा ने 17, हर्षदीप सिंह ने 16 और रितिक संधू ने 15 रन का योगदान दिया। दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से उधव मोहन, शुभम दुबे, मनन भारद्वाज, रौनक और सुमित चिकारा ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम ने 15.1 ओवर में दो विकेट पर 118 रन बनाकर जीत दर्ज की। सुमित चिकारा ने 49 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 50 रन बनाए। वहीं अश्विनी जे छिल्लर ने केवल 16 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के लगाते हुए 39 रन की तेजतर्रार पारी खेली।

दोनों ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। सात्विक पाल ने 24 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 22 रन बनाए, जबकि श्रेष्ठ पी यादव एक रन बनाकर नाबाद रहे। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की ओर से अरमान वाधवा और चिराज सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।