15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर वेंगसरकर को पूरा भरोसा, कहा- मौका मिला तो भुनाएगा
भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी उनकी शानदार ‘हैंड-आई कोऑर्डिनेशन’ की वजह से बेहद खास और अविश्वसनीय नजर आती है। राष्ट्रीय चयन समिति के…

भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी उनकी शानदार ‘हैंड-आई कोऑर्डिनेशन’ की वजह से बेहद खास और अविश्वसनीय नजर आती है। राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष वेंगसरकर को पूरा भरोसा है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के लिए पदार्पण का अवसर मिलने पर सूर्यवंशी उसका भरपूर फायदा उठाएंगे।
मुंबई क्रिकेट संघ की टीम के साथ ब्रिटेन दौरे पर मौजूद वेंगसरकर ने एक समाचार एजेंसी से विशेष बातचीत में कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि वैभव को मौका मिलेगा और जब भी मिलेगा, वह उसे पूरी तरह भुनाएगा। वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उसकी बल्लेबाजी वाकई हैरत में डालने वाली है।"
उन्होंने आगे कहा, "उसमें अपार क्षमता है। वह कुछ ऐसे शॉट खेलता है, जिन पर यकीन करना मुश्किल होता है। उसकी बल्लेबाजी की शैली बिल्कुल अलग है। शानदार बैट स्विंग और बेहतरीन हैंड-आई कोऑर्डिनेशन की बदौलत वह आसानी से गेंद को मैदान के बाहर पहुंचा सकता है। टी20 क्रिकेट में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।"

सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट में भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर वेंगसरकर ने कहा, "मैंने उसे लंबे प्रारूप में खेलते नहीं देखा है। लेकिन मुझे विश्वास है कि मौका मिलने पर वह वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।"
उन्होंने सूर्यवंशी को महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा, "तेंदुलकर अपनी उम्र से कहीं अधिक परिपक्व नजर आते थे। वह शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार थे और इसी वजह से उनका चयन हुआ था।" वेंगसरकर ने आगे कहा, "तेंदुलकर बेहद अनुशासित, जुनूनी और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।"
भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ करते हुए वेंगसरकर ने कहा, "वह उदाहरण पेश करते हुए टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।" रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप खेलने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में वेंगसरकर ने कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला स्वयं रोहित शर्मा को ही करना चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
