द इंडियन व्यू

भारतीय फुटबॉल पर मंडराते संकट से सुनील छेत्री चिंतित, बोले -'खिलाड़ी डरे हुए हैं'

पूर्व कप्तान और शीर्ष स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने बुधवार को बोला कि भारतीय फुटबॉल में अनिश्चितता की मौजूदा स्थिति काफी चिंताजनक है और शीर्ष स्तर के फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन सुपर लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किये जाने…

Ragwendra P Singh
July 16, 2025
3 min read
भारतीय फुटबॉल पर मंडराते संकट से सुनील छेत्री चिंतित, बोले -'खिलाड़ी डरे हुए हैं'

पूर्व कप्तान और शीर्ष स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने बुधवार को बोला कि भारतीय फुटबॉल में अनिश्चितता की मौजूदा स्थिति काफी चिंताजनक है और शीर्ष स्तर के फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन सुपर लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किये जाने से खेल जगत चिंतित, आहत और डरा हुआ है।

साभार : गूगल

लीग में बेंगलुरु एफसी की ओर से खेलने वाले छेत्री ने कहा कि उन्हें देश में इस खेल के भविष्य को लेकर आशंकाएं व्यक्त करने वाले फोन कॉल और संदेशों की बाढ़ आ गई है।

इस खिलाड़ी ने एक्स पर लिखा, ‘‘मुझे सबसे पहले यह चिंता हुई कि मेरे पास खेल का जो समय बचा है उसको मैं कैसे बिताऊंगा। लेकिन विभिन्न क्लबों के खिलाड़ियों से बात करने के बाद मुझे एहसास हुआ कि मेरी समस्या उतनी महत्वपूर्ण नहीं है।’’

@chetrisunil11

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय फुटबॉल की वर्तमान स्थिति बहुत चिंताजनक है। मुझे न केवल मेरे क्लब से, बल्कि अन्य क्लबों से भी खिलाड़ियों, स्टाफ सदस्यों, फिजियो, मालिश करने वालों से ढेर सारे संदेश मिले हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय फुटबॉल पारिस्थितिकी तंत्र में अभी जो अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है उससे हर कोई चिंतित, आहत और डरा हुआ है।’’ आईएसएल ने आयोजकों और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के बीच मास्टर राइट्स एग्रीमेंट के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता के कारण 2025-26 के सत्र को स्थगित कर दिया है।

लीग सामान्यतः सितम्बर से अप्रैल तक चलती है। इस प्रतियोगिता के आयोजक फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) तथा एआईएफएफ के बीच वर्तमान एमआरए आठ दिसम्बर, 2025 को समाप्त होने वाला है। उस समय तक आईएसएल अपने तीसरे महीने में प्रवेश कर चुका होगा।

यह निर्णय उच्चतम न्यायालय द्वारा एआईएफएफ को दिए गए निर्देश के बाद लिया गया है, जिसमें एआईएफएफ से कहा गया था कि वह आईएसएल का संचालन करने वाली सर्वोच्च शासी संस्था के वाणिज्यिक साझेदार एफएसडीएल के साथ एमआरए की नई शर्तों पर तब तक बातचीत न करे, जब तक एआईएफएफ मसौदा संविधान मामले में अंतिम निर्णय नहीं आ जाता।

एफएसडीएल एआईएफएफ का वाणिज्यिक साझेदार भी है और उन्होंने 2010 में 15 साल के एमआरए पर हस्ताक्षर किए थे। छेत्री ने कहा कि जब उन्हें पहली बार लीग स्थगित होने की जानकारी मिली तो वह छुट्टियों पर थे। इस स्टार फुटबॉलर ने कहा, ‘‘मैं स्वीकार करता हूं कि इससे मेरे चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई।

ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मैं छुट्टियों पर था, उतना घूम नहीं पाया जितना मैं चाहता था और उतना पौष्टिक भोजन भी नहीं कर पाया जितना मैं करता हूं। अब मेरे पास पूरी तरह फिट होने के लिए पहले से अधिक समय था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन वह पखवाड़ा अब अनिश्चितकाल में बदल गया है और मेरी वह मुस्कान अब गायब हो गई है।

मैं जानता हूं कि थिंक टैंक और इस खेल को संचालित करने वाले लोग नए फुटबॉल सत्र को शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि जल्द ही कोई ठोस समाधान निकल आएगा।‘‘

भारतीय टीम को मजबूती देने के लिए अंतरराष्ट्रीय संन्यास से वापसी करने वाले इस स्टार खिलाड़ी ने इस सबके बावजूद सभी से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे पास सभी सवालों के जवाब नहीं हो सकते लेकिन भारतीय फुटबॉल से जुड़े सभी लोगों से मेरी अपील है कि वह धैर्य बनाए रखें। हम इस तूफान का मिलकर सामना करेंगे। हमें फुटबॉल को जल्द से फिर से शुरू करना होगा और ऐसा होगा।’’

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।