उत्तर प्रदेश की सौम्या श्रीवास्तव भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम में
लखनऊ। चीन के जिनझोंग में 24 जून से 4 जुलाई, 2026 तक होने वाली 25वीं आईएचएफ महिला जूनियर (अंडर-20) विश्व हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम सोमवार को नई दिल्ली से रवाना हो गई। यह पहला अवसर है…

लखनऊ। चीन के जिनझोंग में 24 जून से 4 जुलाई, 2026 तक होने वाली 25वीं आईएचएफ महिला जूनियर (अंडर-20) विश्व हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम सोमवार को नई दिल्ली से रवाना हो गई।
यह पहला अवसर है कि जब भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी। इस चैंपियनशिप के लिए चयनित टीम में उत्तर प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सौम्या श्रीवास्तव को भी जगह मिली है।
हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया (एचएआई) के महासचिव डा. तेजराज सिंह ने बताया कि टीम का विदाई समारोह सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित किया गया। समारोह में एचएआई के महासचिव डा. तेजराज सिंह, कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय और दिल्ली हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव जसबीर सिंह बिस्ला ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। भारतीय टीम के मुख्य कोच सचिन चौधरी होंगे।
एचएआई की अध्यक्ष अलका दास ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम का विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करना देश के लिए गर्व का क्षण है। यह खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों की प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है।
बुलंद हौसलों के साथ भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम चीन रवाना
एचएआई कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हैंडबॉल सर्किट पर भारत के प्रदर्शन में लगातार निखार आ रहा है। मुझे विश्वास है कि इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ने में सफल होंगी।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए भारतीय टीम को कोई सरकारी वित्तीय सहायता नहीं प्राप्त हुई है। हालांकि पहली बार विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर इतिहास रचने वाली टीम की भागीदारी तय करने के लिए हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया (एचएआई) खिलाड़ियों और अधिकारियों को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। फिर भी कुछ आकस्मिक खर्च खिलाड़ियों और अधिकारियों को स्वयं वहन करने पड़ेंगे।
इस टीम में चयनित उत्तर प्रदेश की सौम्या श्रीवास्तव पिछले साल थाईलैंड में हुई आईएचएफ ट्रॉफी हैंडबॉल जूनियर बालिका कांटिनेंटल फेज टूर्नामेंट की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की सदस्य रह चुकी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय जूनियर बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण व कांस्य पदक भी जीते हैं। सौम्या श्रीवास्तव वर्तमान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मोहम्मद तौहीद (राष्ट्रीय हैंडबॉल कोच) से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।
भारतीय टीम में उनके चयन पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय व कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए इसे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
भारतीय टीम में चयनित खिलाड़ी इस प्रकार हैं:- सुजाता (दिल्ली), सौम्या श्रीवास्तव (उत्तर प्रदेश), प्रदन्या बालासो माने (महाराष्ट्र), अमृता (हरियाणा), स्वाति (बिहार), शिवानी देवी, मुस्कान, नेहा चौहान, कनिष्का, ऋद्धिमा, गरिमा (सभी हिमाचल प्रदेश), लविशा गहलावत (चंडीगढ़)।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
