Trending

दूसरे टेस्ट से बाहर हुए ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन


नई दिल्ली : लॉर्ड्स में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया टीम को तब बड़ा झटका लगा, जब टीम के स्टार स्पिनर नाथन लियोन चोट की वजह से मौजूदा टेस्ट से बाहर हो गए हैं और एशेज सीरीज के बचे हुए मैच में वह भाग ले पाएंगे या नहीं इसका फैसला आने वाले टाइम में होगा।

दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन ही नाथन लियोन चोटिल हुए थे, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में पहली पारी में 416 रन बनाए और जवाब में इंग्लैंड 325 रनों पर सिमट गई। लियोन के लिए यह टेस्ट खास था, क्योंकि यह उनका लगातार 100 वां टेस्ट मैच था। लगातार 100 टेस्ट मैच खेलने वाले लियोन पहले स्पेशलिस्ट गेंदबाज हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, लियोन के काफ में ज्यादा स्ट्रेन है और इस मैच के बाद उन्हें रिहैब के लिए समय चाहिए होगा।
इस मैच के खत्म होने तक आगे के मैचों में उनकी उपलब्धता को लेकर फैसला लिया जाएगा। मैच के तीसरे दिन क्रचेस की मदद से लियोन लॉर्ड्स ग्राउंड पहुंचे और देखकर ही समझ आ रहा था कि वह इस टेस्ट में तो शायद ही भाग ले पाएंगे।

नाथन ने इस टेस्ट के दूसरे दिन 13 ओवर गेंदबाजी की थी और इस दौरान उन्होंने 35 रन देकर एक विकेट झटका था। लियोन ने जैक क्रॉले को पवेलियन की राह दिखाई थी। लियोन के लॉर्ड्स में नहीं खेलने से ऑस्ट्रेलिया के पास सिर्फ तीन स्पेशलिस्ट गेंदबाज बचे हैं। मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस। कैमरन ग्रीन ऑलराउंडर हैं, लेकिन वह भी पेसर ही हैं। लियोन के इस टेस्ट से आउट होने की वजह से स्टीव स्मिथ को स्पिन गेंदबाजी की कमी पूरी करते हुए नजर आ सकते है।

Related Articles

Back to top button