भारतीय पुरूष हॉकी टीम से जुड़े पैडी उपटन
नई दिल्ली : मानसिक अनुकूलन विशेषज्ञ (मेंटल कंडीशनिंग स्पेशलिस्ट) पैडी उपटन जो कि पूर्व में भारतीय क्रिकेट टीम के साथ काम कर चुके है, अब एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी और एशियाई खेलों से पहले भारतीय पुरूष हॉकी टीम के लिए काम करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के उपटन बेंगलुरू स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में चल रहे राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में शनिवार से तीन सत्रों में मानसिक अनुकूलन सत्र का संचालन करेंगे।
भारत ने 2011 में 28 वर्ष बाद जब वनडे क्रिकेट का विश्व कप अपने नाम किया था तब कोच गैरी कर्स्टन के सहयोगी स्टाफ का उपटन अहम हिस्सा थे। विभिन्न खेलों को अपनी सेवायें दे चुके 54 साल के उपटन भारतीय टेस्ट टीम के साथ थे जब वह पहली बार टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी। दक्षिण अफ्रीकी टीम जब तीनों प्रारूपों में नंबर एक रैंकिंग पर थी तब भी उपटन उस टीम का हिस्सा थे।

पैडी ने हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में बोला, ” हॉकी इंडिया और भारतीय पुरूष हॉकी टीम के साथ काम करने का अवसर मिलने से गौरवान्वित हूं। मैंने हाल ही के सालों में भारतीय हॉकी का विकास देखा है और मैं मनोवैज्ञानिक पहलू में उनकी मदद करके टीम की सफलता में योगदान देना चाहता हूं। हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये मिलकर काम करेंगे।
वह दक्षिण अफ्रीका पुरूष हॉकी टीम, इंडियन सुपर लीग की एफसी गोवा और एफसी हैदराबाद टीम, इंग्लैंड पुरूष रग्बी टीम और कई अन्य टीमों के साथ काम कर चुके हैं। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने बोला, ”हॉकी इंडिया यह सुनिश्चित करना चाहता है कि भारतीय टीम की तैयारियों में कोई कोर कसर नहीं रहे। खासकर एशियाई खेलों के लिये जहां से ओलंपिक क्वालीफिकेशन का रास्ता बनता है।



