Trending

दूसरी बार इंटरकोंटिनेंटल कप की विजेता बनी भारतीय टीम

नई दिल्ली : भारत ने इंटरकांटिनेंटल कप के फाइनल में कप्तान सुनील छेत्री और लल्लिंजुआला छांगते के गोल से लेबनान को 2-0 से हराया।

मैच का पहला हाफ में कोई गोल ना पड़ने के बाद अपने करियर के अंतिम दौर से गुजर रहे 38 साल के छेत्री ने 46वें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। यह उनका 87वां अंतरराष्ट्रीय गोल है और एक्टिव प्लेयर्स में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में वह तीसरे पायदान पर हैं।

इस गोल में मददगार की भूमिका निभाने वाले छांगते ने 66वें मिनट में टीम की बढ़त को दोगुना कर मैदान में भरे दर्शकों को झूमने का अवसर दिया, विश्व रैंकिंग में 99वें स्थान पर काबिज टीम को सन्न कर दिया। विश्व रैंकिंग में 101वें स्थान पर काबिज भारत ने दूसरी बार इस टूर्नामेंट को जीता है।

टीम ने 2018 में इसके शुरुआती सत्र के फाइनल में कीनिया को हराकर चैंपियन बनीं थी, 2019 उत्तर कोरिया ने खिताब जीता था और भारत चौथे और आखिरी स्थान पर रहा था। उमस भरी गर्मी में दोनों टीमों के पास शुरुआती हाफ में बढ़त बनाने का अवसर था लेकिन वे इसका फायदा उठाने में विफल रहे। यह हाफ उसी तरह था जैसा की दोनों टीमों ने दो दिन पहले राउंड रोबिन चरण के आखिरी मैच को बिना कोई गोल दागे ड्रॉ खेला था।

इस दौरान भारत ने गेंद को ज्यादा समय तक अपने पास रखने पर ध्यान दिया, लेबनान का जोर आक्रमण करने पर था। लेबनान ने भारतीय गोल पोस्ट की ओर सात बार हमले किए तो वही गेंद को 58 प्रतिशत समय तब अपने नियंत्रण में रखने वाली भारतीय टीम तीन बार ही लेबनान के गोल पोस्ट की ओर आक्रमण कर पाई।

हाफ टाइम के बाद पहले छांगते ने बॉक्स के पास से गेंद को अपने नियंत्रण में लेकर छेत्री को दिया और भारतीय कप्तान ने लेबनान के गोलकीपर अली सबेह को छकाने में कोई गलती नहीं की। टीम ने प्लेयर्स के शानदार सामंजस्य से इस मौके को बनाया।

निखिल पुजारी ने कम जगह में से लेबनान के खिलाड़ियों के बीच से गेंद को छांगते की ओर धकेला और इस खिलाड़ी ने अपने प्रेरणादायी कप्तान के लिए मौका बनाने में कोई गलती नहीं की। एक गोल की बढ़त लेने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए छांगते के प्रयास से इस बढ़त को दोगुना कर दिया।

सब्स्टीट्यूट नाओरेम महेश सिंह ने छेत्री के पास पर गोल करने का प्रयास किया लेकिन लेबनान के गोलकीपर ने गेंद को गोल में जाने से रोक दिया। हालांकि गोलकीपर गेंद को नियंत्रण में नहीं रख सके जो छिटक कर छांगते के पास गई और खिलाड़ी ने गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया।

Related Articles

Back to top button