अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट के कप्तान बने फाफ डुप्लेसी
नई दिल्ली : अमेरिका में होने वाली मेजर लीग क्रिकेट के लिए आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसी को कप्तान बनाया है। फाफ डुप्लेसी वर्ष 2011 से 2021 तक आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं।
2022 में उन्हें सीएसके ने रिलीज किया तो आरसीबी ने उन्हें अपने खेमे में शामिल करके कप्तान बनाया। एक बार फिर फैंस को डुप्लेसी पीली जर्सी में खेलते नजर आएंगे।
फाफ डुप्लेसी ने सीएसके के लिए खेले 100 मैचों में 2935 रन बनाए थे। उनकी मौजूदा फॉर्म की बात करें तो, हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2023 में उनके बल्ले से 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ 730 रन बनाया थे।

डुप्लेसी ने कोहली और मैक्सवेल के साथ काफी रन बनाए, वो टीम को नॉक आउट स्टेज तक ले जाने में सफल नहीं रहे।
सुपर किंग्स ने इस लीग में डुप्लेसी के अलावा डेवन कॉनवे, मिचेल सैंटनर, डेनियल सैम्स, डेविड मिलर, गेराल्ड कोएत्ज़ी, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायडू, रस्टी थेरॉन, केल्विन सैवेज, लाहिरू मिलंथा, मिलिंद कुमार, सामी असलम, कैमरून स्टीवेन्सन, कोडी चेट्टी, जिया शहजाद और सैतेजा मुक्कमल्ला को खरीदा है।
हाल ही में आईपीएल से संन्यास लेने वाले अंबाती रायडू भी इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगे। मेजर लीग क्रिकेट संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित होने वाली पहली फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग है। इस लीग की शुरुआत 13 जुलाई 2023 से होगी, पहला मैच टेक्सास सुपर किंग्स और लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स के बीच होगा।
टूर्नामेंट का फाइनल 30 जुलाई 2023 को खेला जाएगा। इस लीग में टेक्सास सुपर किंग्स सहित लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स, सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स, एमआई न्यूयॉर्क, वाशिंगटन फ्रीडम, सिएटल ओरकास जैसी 6 टीम भाग ले रही है।



