Trending

उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ियों की रिकॉर्ड आमद, पांच दिन में एक करोड़ पार पहुंची संख्या

हरिद्वार : श्रावण मास के कांवड़ मेले में शिवभक्तों की आस्था चरम पर है। मेले के पांचवें दिन सोमवार को 32 लाख 25 हजार से अधिक कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

 

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से सोमवार शाम प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक गंगाजल लेकर प्रस्थान करने वाले शिवभक्तों की कुल संख्या एक करोड़ नौ लाख 10 हजार से अधिक हो गई है।

 

सोमवार को हर की पैड़ी सहित हरिद्वार के विभिन्न घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने गंगाजल भरकर अपनी कांवड़ यात्रा शुरू की।

 

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैदी से तैनात हैं। सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) निलेश आनंद भरणे तथा पुलिस उप महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से निर्धारित यात्रा मार्गों का पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button