राष्ट्रमंडल खेल: गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में जीता रजत पदक

ग्लासगो : भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में इतिहास रचते हुए मंगलवार को पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए। उन्होंने 27 मिनट 49.78 सेकंड का समय निकालकर यह उपलब्धि हासिल की।
यह राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। वहीं, पुरुष और महिला दोनों वर्गों को मिलाकर इस स्पर्धा में भारत को 16 वर्षों बाद पदक मिला है। इससे पहले दिल्ली 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में कविता राऊत ने महिला 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था।
दौड़ की शुरुआत में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी गुलवीर सिंह शीर्ष धावकों के साथ बने रहे। 4,000 मीटर तक वह तीसरे स्थान पर थे, लेकिन आधी दूरी पूरी होने तक छठे स्थान पर खिसक गए। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 6,000 और 7,000 मीटर तक पांचवां स्थान हासिल किया। 8,000 मीटर पर वह फिर छठे स्थान पर पहुंचे, लेकिन अंतिम एक किलोमीटर बाकी रहते चौथे स्थान पर आ गए।
आखिरी चरण में गुलवीर सिंह ने जबरदस्त तेजी दिखाई। उन्होंने अंतिम एक किलोमीटर की दूरी 2 मिनट 29.2 सेकंड में पूरी करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया और रजत पदक पर कब्जा जमाया।
ऑस्ट्रेलिया के काइ रॉबिन्सन ने 27 मिनट 48.93 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि आइल ऑफ मैन के डेविड मुलार्की ने 27 मिनट 50.28 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया। स्वर्ण और रजत के बीच केवल 0.85 सेकंड तथा रजत और कांस्य के बीच महज 0.50 सेकंड का अंतर रहा।
गुलवीर सिंह का यह प्रदर्शन भारतीय लंबी दूरी की दौड़ के इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है और उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों की 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत के 16 वर्षों के पदक इंतजार को भी समाप्त कर दिया।



