पश्चिम बंगाल में अब बांग्ला भाषा में होगा सरकारी काम, अमित शाह से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने की घोषणा

कोलकाता ( इंडियन व्यू टीम) : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में घोषणा की कि मंगलवार, 1 सितंबर से राज्य प्रशासन के सभी स्तरों पर बांग्ला भाषा का उपयोग अनिवार्य हो जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले एक पत्र के बाद राज्य सरकार ने यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के अपने हालिया तीन दिवसीय दौरे के दौरान उन्हें एक पत्र सौंपा था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर लिखे गए इस पत्र में सरकारी स्तर पर मातृभाषा के व्यापक उपयोग पर जोर दिया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री की इसी सलाह पर अमल करते हुए राज्य सरकार इस कदम को लागू कर रही है।
खबरों के अनुसार, भूमि सुधार कार्यालयों से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक, सभी प्रशासनिक स्तरों पर फाइलों के प्रबंधन, विभागीय पत्राचार और आधिकारिक निर्देशों में बांग्ला भाषा को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करने, शिकायतें लिखने और ऑनलाइन पोर्टल या वेबसाइटों के प्रबंधन में भी मातृभाषा का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
इस बड़े काम को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए राज्य सरकार अनुवादकों की भर्ती और बुनियादी ढांचे को तैयार करने समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करेगी। बांग्ला भाषा को न केवल राज्य के आंतरिक कामकाज के लिए, बल्कि अन्य राज्यों और केंद्र सरकार के साथ संपर्क के लिए भी प्राथमिकता दी जाएगी।
इस संदर्भ में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, “भारत सरकार या अन्य राज्यों के साथ संवाद करते समय हम बंगाली में ही पत्राचार करेंगे और जवाब देंगे। इसके अलावा, भारत सरकार से जुड़े मामलों में हम बंगाली के साथ-साथ हिंदी में भी जवाब और पत्राचार का आदान-प्रदान करेंगे। ” इस अनुवाद प्रक्रिया के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित बहुभाषी अनुवाद सॉफ्टवेयर ‘भारती’ का उपयोग किया जा सकता है.
मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने घोषणा की कि पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान गठित ’21 जुलाई जांच आयोग’ की रिपोर्ट विधानसभा में पेश की जाएगी। यह आयोग 2011 में पूर्व जस्टिस सुशांत चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में बनाया गया था। इसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर पिछली सरकार पर निशाना साधा।



