ब्राजील के नेमार जूनियर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की

नई दिल्ली ( ओम प्रकाश सिमल्टी) : ब्राजील के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी नेमार जूनियर ने, फीफा विश्‍वकप के राउंड-16 में कल रात नॉर्वे से 2-1 से हार के बाद, अंतरराष्‍ट्रीर फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की है। नेमार जूनियर हमेशा ब्राजील के सबसे प्रमुख स्‍कोरर रहे। कल के मैच में ब्राजील के लिये एकमात्र गोल करने के बावजूद नेमार अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाये। मैच के बाद 34 वर्षीय नेमार ने साफ शब्दों में कहा- मैंने पूरी कोशिश की। मेरा सफर यहीं से शुरू हुआ था और यहीं खत्म भी हो गया। अब सब खत्म हो चुका है। उनके सन्‍यास से ब्राजील फुटबॉल के सर्वाधिक प्रमुख अंतरराष्‍ट्रीय करियर का अंत हो गया है।

दिलचस्प बात यह है कि नेमार ने ब्राजील के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मैच 9 अगस्त 2010 को अमेरिका के खिलाफ इसी मेटलाइफ स्टेड‍ियम में खेला था। करीब 16 साल बाद उसी मैदान पर उन्होंने ब्राजील की जर्सी में अपना आखिरी मुकाबला भी खेला।

नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में नेमार शुरुआती प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे। दाएं पैर की पिंडली (राइट काफ) की चोट से जूझ रहे नेमार बेंच से मैदान पर उतरे और मैच के अंतिम मिनटों में पेनल्टी पर गोल भी किया। हालांकि उनका यह गोल ब्राजील को हार से नहीं बचा सका।

नेमार ने 16 साल लंबे इंटरनेशनल करियर का अंत किया. वह ब्राजील के इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर रहे. उन्होंने 129 इंटरनेशनल मैचों में 80 गोल दागे और इस दौरान देश के लिए कई यादगार जीत दिलाईं।

पूरे टूर्नामेंट में नेमार फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे। वह ब्राजील के पांच मुकाबलों में सिर्फ दो मैच ही खेल सके. इसके अलावा ग्रुप स्टेज में स्कॉटलैंड के खिलाफ भी उन्होंने केवल 15 मिनट मैदान पर बिताए.पिछले एक दशक से ज्यादा समय तक ब्राजील के सबसे बड़े स्टार रहे नेमार का करियर हाल के वर्षों में लगातार चोटों से प्रभावित रहा। यही वजह रही कि वह पहले जैसी लय और प्रभाव नहीं छोड़ सके।

नेमार के संन्यास के साथ ब्राजील फुटबॉल के एक यादगार दौर का अंत हो गया. अब टीम की नजर भविष्य की नई प्रतिभाओं पर होगी, जो आने वाले वर्षों में पांच बार की वर्ल्ड चैम्प‍ियन टीम को नई पहचान दिलाने की कोशिश करेंगी।

Related Articles

Back to top button