एशियन गेम्स 2026: महिला कुश्ती में हरियाणा की छह बेटियों पर देश को भरोसा
यह सिर्फ चयन नहीं, बल्कि महिला कुश्ती में हरियाणा की मजबूत पकड़ का प्रमाण है। एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई भारतीय महिला कुश्ती टीम की सभी छह पहलवान हरियाणा से हैं।
प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को चंडीगढ़ में यह जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि प्रदेश की खेल संस्कृति और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि देशभर में हरियाणा की खेलों में अग्रणी पहचान को भी मजबूत करती है।
उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा के खेल मंत्री होने के नाते यह उनके लिए विशेष गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, उत्कृष्ट प्रशिक्षक तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

खेल मंत्री ने चयनित खिलाडिय़ों की सूची जारी करते हुए बताया कि एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला कुश्ती टीम के 50 किलो ग्राम भार वर्ग में दीपांशी राठी, 53 किग्रा में अंतिम पंघाल, 57 किग्रा में मनीषा भनवाला, 62 किग्रा में मानसी अहलावत, 68 किग्रा में निशा दहिया, 76 किग्रा में प्रिया मलिक का चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे देश और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता की कामना करते हुए कहा कि पूरा देश उनकी उपलब्धियों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।



