थाईलैंड ओपन : सात्विक-चिराग की जोड़ी फिर चमकी, तीसरी बार फाइनल में एंट्री
सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल फाइनल में जगह बनाई।
दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विक और चिराग ने नौवीं रैंकिंग वाली मलेशियाई जोड़ी को 82 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 19-21, 22-20, 21-16 से हराया। भारतीय जोड़ी इससे पहले 2019 और 2024 में इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुकी है और अब तीसरी बार फाइनल में पहुंची है।
फाइनल में अब उनका सामना इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन या चीन के हि जि तिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी से होगा। डेनमार्क में थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बावजूद भारत में बैडमिंटन को पर्याप्त तरजीह और प्रशंसा नहीं मिलने को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण सात्विक और चिराग हाल ही में चर्चा में रहे थे।

हालांकि भारतीय जोड़ी ने बाहरी शोर से खुद को दूर रखते हुए शानदार प्रदर्शन जारी रखा और फाइनल में प्रवेश किया। मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ सात्विक और चिराग का रिकॉर्ड अब 7-2 का हो गया है, हालांकि गोह और इजुद्दीन ने पिछले साल इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी को हराया था।
मुकाबले की शुरुआत में मलेशियाई जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए 3-1 की बढ़त बना ली, लेकिन सात्विक और चिराग ने वापसी करते हुए स्कोर 5-5 से बराबर कर लिया। पहले गेम के ब्रेक तक मलेशियाई जोड़ी 11-8 से आगे थी।
चिराग की एक गलती में शटल नेट में चली गई, जिससे विरोधी टीम की बढ़त और बढ़ गई। आखिरकार पहला गेम मलेशियाई जोड़ी ने 21-19 से जीत लिया। दूसरे गेम में मुकाबला पूरी तरह बराबरी का रहा और स्कोर 3-3 से 6-6 तक बराबर चलता रहा। भारतीय जोड़ी ने 9-6 की बढ़त बनाई, लेकिन चिराग के एक रिटर्न पर शटल नेट में जाने से बढ़त घटकर 10-9 रह गई।
ब्रेक के बाद दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा और स्कोर फिर 13-13 से बराबर हो गया। चिराग ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत को 16-14 की बढ़त दिलाई, लेकिन एक और रिटर्न नेट में जाने से स्कोर 16-16 हो गया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार अंक जुटाकर 19-16 की बढ़त बना ली। मुकाबला एक समय 20-20 की बराबरी पर पहुंच गया, लेकिन इजुद्दीन का शॉट वाइड जाने पर भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम जीतकर मैच को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
तीसरे और निर्णायक गेम में सात्विक और चिराग पूरी तरह हावी नजर आए। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा और मलेशियाई जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।



