अफगानिस्तान सीरीज में संजू सैमसन की छुट्टी? ईशान किशन की वापसी तय!
भारतीय टीम आईपीएल 2026 के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। आईपीएल के 19वें सीजन का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
14 जून से 3 मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ और में तीसरा मौच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए टी20 वर्ल्ड कप के हीरो और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को चयनकर्ता नजरअंदाज कर सकते हैं।
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारत को वनडे सीरीज खेलनी है। जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने की खबर है, जबकि एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर फर्स्ट च्वॉइस सिलेक्टर्स की केएल राहुल ही हैं।

ऋषभ पंत बैकअप विकेटकीपर बल्लेबाज थे, लेकिन अब उनकी जगह ईशान किशन की तरजीह दिए जाने की संभावना है। ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और आईपीएल में कुछ अच्छी पारियां खेलने वाले संजू सैमसन को बाहर ही बैठना होगा। वनडे क्रिकेट में भी सैमसन का रिकॉर्ड दमदार है।
ईशान किशन ने आखिरी वनडे मैच दो साल से ज्यादा समय पहले खेला था। उसके बाद से वे टीम से बाहर थे, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उन्हें चुना गया था और फिर वे टी20 विश्व कप भी खेले।
इससे पहले घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन ईशान किशन ने किया था, जिसका भरपूर इनाम उनको मिल रहा है। पहले टी20 टीम में उनकी वापसी हुई और अब वनडे टीम में भी उनको जगह मिलने वाली है। ऋषभ पंत को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। आईपीएल 2026 में भी उनके बल्ले से रन नहीं आए हैं।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि 19 मई को भारतीय टीम का ऐलान अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए हो सकता है। बोर्ड ने उन खिलाड़ियों को टेस्ट मैच की तैयारी करने के लिए कह दिया है, जिन्हें एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में जगह दी जा सकती है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय टीम का फोकस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाना है, जबकि वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी भी शुरू करनी है। डब्ल्यूटीसी फाइनल जून में खेला जाएगा, जबकि वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में होने की संभावना है। इसके लिए भी भारत तैयारी शुरू करेगा।



