ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले कप्तान सलीमा टेटे ने भरी हुंकार, बोलीं- टीम पूरी तरह तैयार
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले कहा है कि टीम हर तरह के दबाव का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में टीम का प्रशिक्षण शिविर कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ जारी है।
अर्जेंटीना दौरे के अनुभव को सकारात्मक बताते हुए उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले आगामी विश्व कप और एशियाई खेलों जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से काफी अहम साबित होंगे।
उन्होंने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “ऑस्ट्रेलिया एक मजबूत टीम है और उनके खिलाफ खेलने से हमें उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा। हम इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं। कोचिंग स्टाफ लगातार हमारे साथ मेहनत कर रहा है।”

उन्होंने युवा खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि टीम में नई प्रतिभाओं को लगातार मौके दिए जा रहे हैं और वे अच्छा प्रदर्शन भी कर रही हैं। कप्तान के मुताबिक टीम का संतुलन और भविष्य दोनों मजबूत नजर आ रहे हैं।
फिटनेस को टीम की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा, “हर खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत कर रहा है। किसी भी मजबूत टीम को हराने के लिए फिटनेस बेहद जरूरी होती है। जूनियर खिलाड़ी भी अपनी फिटनेस सुधारने पर ध्यान दे रहे हैं। हमने विश्व कप क्वालीफायर में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन अभी और सुधार की जरूरत है।”
उन्होंने अर्जेंटीना दौरे को टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण अनुभव बताया। सलीमा के अनुसार, वहां शीर्ष स्तर की टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और टीम संयोजन को बेहतर तरीके से समझने का मौका मिला है।
सलीमा ने कहा, “अर्जेंटीना में पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। वहां का अनुभव ऑस्ट्रेलिया दौरे, नेशंस कप, विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी में काफी मददगार साबित होगा। फिलहाल हमारा पूरा फोकस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है और हम वहां भी अपनी लय बरकरार रखना चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम अनुशासित रहकर अपनी रणनीति के अनुसार खेलना चाहते हैं। हर खिलाड़ी को अपनी ताकत और कमजोरियों पर काम करना होगा ताकि टीम के रूप में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। दबाव जरूर रहेगा, लेकिन हम उससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम 21 मई से 3 जून तक रहेगी। इस दौरान टीम पर्थ हॉकी स्टेडियम में 26 मई से 30 मई के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मुकाबले होंगे। दौरा न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला नेशंस कप की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।



