रियाद में भारतीय एथलीटों का जलवा, अफसल और कुजूर ने जीते गोल्ड
भारतीय एथलीटों ने सऊदी एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। रियाद के प्रिंसेस नौराह बिंत अब्दुलरहमान यूनिवर्सिटी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में अनिमेष कुजूर और मोहम्मद अफसल ने अपने-अपने इवेंट्स में जीत हासिल की।
नेशनल रिकॉर्ड होल्डर मोहम्मद अफसल ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में 1:48.24 का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के क्रिस्टोफर स्वार्ट को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1:48.50 का समय दर्ज किया, जबकि वर्नर गौव्स 1:48.75 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अफसल हाल ही में पोलैंड में 1:44.93 का समय निकालकर भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना चुके हैं। इससे पहले वह एशियन गेम्स में 1:48.43 के समय के साथ सिल्वर मेडल भी जीत चुके हैं।
वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में कई देशों के एथलीटों ने हिस्सा लिया। 22 वर्षीय अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ 20.77 सेकंड में पूरी कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने ग्रेट ब्रिटेन के डेविड हैरिसन (20.87 सेकंड) और टोबी हैरिस (21.01 सेकंड) को पीछे छोड़ा।

कुजूर ने इससे पहले 100 मीटर रेस में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 10.44 सेकंड का समय निकाला और डेविड हैरिसन (10.42 सेकंड) के बाद दूसरे स्थान पर रहे। पूर्व भारतीय नेशनल रिकॉर्ड होल्डर गुरिंदरवीर सिंह ने भी 10.44 सेकंड का समय निकाला, लेकिन फोटो फिनिश में उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
अनिमेष कुजूर फिलहाल भारत के सबसे तेज स्प्रिंटर्स में गिने जाते हैं और उनके नाम 100 मीटर तथा 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं के राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। पिछले साल उन्होंने ग्रीस में 10.18 सेकंड का समय निकालकर 100 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था।
इसके बाद एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 20.32 सेकंड का समय निकालकर 200 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। नई दिल्ली में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में हाल ही में स्प्रिंट डबल पूरा करने के बाद कुजूर शानदार फॉर्म में रियाद पहुंचे थे, जहां उन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारत के लिए एक और पोडियम फिनिश एम कृषिक ने दिलाई। उन्होंने पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स में 13.90 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। यह भारतीय इनडोर 60 मीटर हर्डल्स चैंपियन की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी।
भारतीय पुरुष 4×100 मीटर रिले टीम ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 40.49 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया और मेजबान सऊदी अरब (41.89 सेकंड) को पीछे छोड़ा। इस रिले मुकाबले में कुल पांच टीमों में से केवल दो टीमों ने ही रेस पूरी की।



