ऋषभ पंत पर 12 लाख का जुर्माना, फिर भी एलएसजी ने दर्ज की शानदार जीत
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना एलएसजी और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण लगाया गया।
एलएसजी के गेंदबाज निर्धारित समय के भीतर अपने 20 ओवर पूरे नहीं कर सके, जिसके चलते कप्तान पंत को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत दंडित किया गया। आईपीएल 2026 सीजन में यह पहला मौका है जब एलएसजी की टीम तय समय सीमा में ओवर पूरे करने में विफल रही है।
आईपीएल से जारी बयान में कहा गया, “लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने शुक्रवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखी।

चूंकि यह इस सीजन में टीम की पहली गलती थी, इसलिए कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”
हालांकि, इस मुकाबले में अपने घरेलू मैदान पर एलएसजी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और चेन्नई सुपर किंग्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
सीएसके से कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 71 रन बनाए, जिसकी मदद से टीम ने 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। एलएसजी की गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाज आकाश महाराज ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की और 3 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। एलएसजी की जीत के हीरो मिचेल मार्श रहे, जिन्होंने सिर्फ 38 गेंदों पर 90 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। वहीं जोश इंग्लिस ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि निकोलस पूरन 32 रन बनाकर नाबाद लौटे।



