Trending

तमिलनाडु विधानसभा में विजय थलापति ने जीता विश्वास मत, TVK सरकार को मिले 144 विधायकों के समर्थन

चेन्नई। अभिनेता से राजनेता बने Vijay ने तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत साबित कर अपनी सरकार को मजबूती दे दी है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने बुधवार को विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट में 144 विधायकों का समर्थन हासिल कर विश्वास मत जीत लिया।

 

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन अपने दम पर बहुमत से 10 सीटें पीछे रह गई थी। चुनाव में TVK को 108 सीटें मिली थीं। हालांकि विजय के दो सीटों से चुनाव जीतने के कारण एक सीट खाली करनी होगी, जिससे पार्टी की संख्या घटकर 107 रह जाएगी।

 

सरकार गठन के लिए TVK को कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) समेत कई छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिला। विधानसभा में कांग्रेस के 5 विधायक, CPI, CPI(M), VCK और IUML के 2-2 विधायक TVK गठबंधन के साथ आए। इन सहयोगी दलों के समर्थन से गठबंधन का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया।

 

फ्लोर टेस्ट के दौरान हालांकि TVK सरकार को कुल 144 विधायकों का समर्थन मिला, जिससे विजय सरकार ने आसानी से बहुमत साबित कर दिया। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री विजय ने सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश किया। चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष के सहयोगी दलों ने सरकार के समर्थन में जोरदार दलीलें दीं, जबकि विपक्ष ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश की।

 

मतदान से पहले प्रमुख विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बावजूद सदन में मौजूद विधायकों ने सरकार के पक्ष में मतदान किया और विश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।

 

तमिलनाडु की राजनीति में यह विजय की बड़ी राजनीतिक सफलता मानी जा रही है। फिल्मी दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाले विजय ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर अपनी पार्टी को राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बना दिया। अब उनकी सरकार के सामने जनता से किए गए वादों को पूरा करने और गठबंधन सहयोगियों के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती होगी।

Related Articles

Back to top button