आईपीएल में हाई-वोल्टेज मुकाबला, मुंबई इंडियन्स ने लखनऊ को किया ध्वस्त
रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल तालिका की सबसे निचले पायदान की दो टीम के बीच हुए मुकाबले में यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को छह विकेट से हराकर नॉकआउट में जगह बनाने की अपनी मामूली उम्मीदों को जीवंत रखा।
मुंबई की इस जीत से 10 मैच में तीन जीत से छह अंक हो गए हैं और टीम नौवें स्थान पर बनी हुई है। सुपर जाइंट्स की टीम लगातार छठी हार के बाद नौ मैच में चार अंक के साथ 10वें और अंतिम पायदान पर है।
सुपर जाइंट्स के 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियन्स ने चोट के बाद वापसी कर रहे रोहित (84 रन) और रिकेल्टन (83 रन) के बीच पहले विकेट की 143 रन की तूफानी साझेदारी से आठ गेंद शेष रहते 229 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।

निकोलस पूरन (63 रन) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े जिससे सुपर जाइंट्स ने 228 रन बनाए। हिम्मत सिंह (नाबाद 40) और एडेन मारक्रम (नाबाद 31) ने अंत में छठे विकेट के लिए 49 गेंद में 68 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन दोनों रन गति में इजाफा करने में नाकाम रहे।
मुंबई से कोर्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने दो विकेट चटकाए। अल्लाह गजनफर (एक विकेट), विल जैक्स (एक विकेट) और रघु शर्मा (एक विकेट) ने हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई इंडियन्स को रिकेल्टन और रोहित ने शानदार शुरुआत दिलाई।
रिकेल्टन ने मोहम्मद शमी पर दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि मोहसिन खान पर भी छक्का जड़ा। रिकेल्टन और रोहित ने शमी के अगले ओवर में भी छक्के मारे। रोहित ने आवेश की लगातार गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों के साथ पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 71 रन तक पहुंचाया।
रोहित और रिकेल्टन ने एम सिद्धार्थ (दो विकेट) का स्वागत भी छक्के के साथ किया। रिकेल्टन ने आवेश पर छक्के और एक रन के साथ 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि रोहित ने अगले ओवर में सिद्धार्थ पर छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक जड़ने के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा भी पूरा किया।
रिकेल्टन ने 11वें ओवर में मोहसिन की दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन इसी ओवर में जोश इंग्लिस को कैच दे बैठे जिससे सुपर जाइंट्स को पहली सफलता मिली। रिकेल्टन के आउट होने के बावजूद रोहित ने आक्रामक रुख जारी रखा और शमी तथा आवेश पर छक्के जड़े। वह हालांकि इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ की गेंद पर शमी को कैच दे बैठे।
मुंबई को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 42 रन की दरकार थी। सिद्धार्थ ने तिलक वर्मा (11) को डीप एक्सट्रा कवर पर मारक्रम के हाथों कैच कराके सुपर जाइंट्स को वापसी दिलाने की कोशिश की। एक गेंद बाद नमन धीर भाग्यशाली रहे जब सिद्धार्थ की गेंद पर कवर्स में इंग्लिस ने उनका कैच टपका दिया। इसका फायदा उठाते हुए नमन ने प्रिंस यादव पर लगातार दो चौके मारे और फिर शमी पर भी छक्का जड़ा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव हालांकि 12 रन बनाने के बाद शमी की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर पूरन के हाथों लपके गए। मुंबई को आखिरी दो ओवर में 11 रन की जरूरत थी और नमन (नाबाद 23) ने विल जैक्स (नाबाद 10) के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी।
टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ टीम ने तीसरे ओवर में ही जोस इंग्लिस (13) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने स्पिनर गजनफर की गेंद पर सूर्यकुमार यादव को कैच थमाया। उन्होंने इससे पहले इस स्पिनर पर लगातार दो चौके मारे।
मार्श ने दीपक चाहर की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से शुरुआती की और फिर जसप्रीत बुमराह की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे। पूरन ने विल जैक्स पर तीन छक्कों के साथ फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। उन्होंने गजनफर पर भी दो छक्के और एक चौका जड़ा।
सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 90 रन बनाए। पूरन ने चाहर पर फाइन लेग पर छक्के के साथ सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। पूरन हालांकि इसके बाद बॉश की गेंद पर विकेटकीपर रिकेल्टन को कैच दे बैठे। बॉश ने इसी ओवर में मार्श को भी नमन के हाथों कैच कराके सुपर जाइंट्स को दोहरा झटका दिया। कप्तान ऋषभ का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वह 15 रन बनाने के बाद जैक्स की गेंद पर रिकेल्टन के हाथों लपके गए।
अक्षत रघुवंशी भी 11 रन बनाने के बाद रघु सिंह की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे जिससे सुपर जाइंट्स का स्कोर पांच विकेट पर 160 रन हो गया। हिम्मत सिंह ने धीमी शुरुआत के बाद गजनफर की गेंद पर लगातार गेंद पर छक्का और चौका जड़ा और फिर रघु पर चौके के साथ 17वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया। सुपर जाइंट्स अंतिम तीन ओवर में 22 रन ही जुटा सकी।



