Trending

सरहद पार के हथियार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े चार गुर्गे गिरफ्तार, सात पिस्तौलें बरामद

चंडीगढ़ : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार करके सरहद पार से हथियारों की तस्करी के एक और मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इनके पास से ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एमएम ग्लॉक, चीन निर्मित चार .30 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई हैं।

 

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान समरबीर सिंह उर्फ सिमर (21) निवासी महिंद्रा कॉलोनी, अमृतसर; सतनाम सिंह उर्फ सत्ता (23) निवासी गांव फतेहपुर, तरनतारन, तनुप्रीत सिंह (26) निवासी प्रताप नगर, अमृतसर और करनजोत सिंह उर्फ साजन (26) निवासी कृष्णा नगर, अमृतसर के रूप में हुई है। इनके पास से बरामद किए गए हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एमएम ग्लॉक, चीन निर्मित चार .30 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल हैं।

 

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार किये गए हथियार तस्कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि गैर-कानूनी हथियारों की खेप सरहद पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी, जिसे स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से आगे आपराधिक तत्वों में वितरित किया जा रहा था।

 

पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक योजनाबद्ध कार्रवाई में समरबीर उर्फ सिमर को दो ग्लॉक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई में उसके तीन अन्य साथियों सतनाम उर्फ सत्ता, तनुप्रीत सिंह और करनजोत उर्फ साजन को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके खुलासों के आधार पर पांच और पिस्तौल बरामद की गईं।

 

पुलिस आयुक्त ने बताया कि सतनाम उर्फ सत्ता पहले भी व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन की बरामदगी से संबंधित एक मामले में शामिल रहा है और उसके कब्जे से 8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। उन्होंने आगे बताया कि सतनाम सत्ता और करनजोत उर्फ साजन एक ही मोहल्ले में रहते हैं और पाकिस्तान-आधारित हैंडलर के निर्देशों पर मिलकर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित पढ़े-लिखे हैं और पहले एक निजी फर्म में सेल्समैन के रूप में काम कर चुके हैं।

Related Articles

Back to top button