Trending

पश्चिम बंगाल चुनाव में केंद्रीय बलों ने सराहनीय कार्य किया है : अधीर रंजन चौधरी

कोलकाता : वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में केंद्रीय बलों की भूमिका की खुलकर सराहना की है। शनिवार देर शाम पत्रकारों से बातचीत करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की मौजूदगी के कारण आम मतदाता बिना डर के मतदान केंद्रों तक पहुंच सके और अपेक्षाकृत भयमुक्त माहौल में मतदान हुआ।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय बलों की तारीफ का मतलब यह नहीं है कि वह भाजपा या चुनाव आयोग का समर्थन कर रहे हैं, बल्कि उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने में सहूलियत मिली।

 

राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल के मुंह से धर्म की बात करना उचित नहीं लगता। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव से लेकर नगर निकाय चुनाव तक में विपक्षी दलों को नामांकन दाखिल करने से रोका जाता है। उनके मुताबिक, कई मामलों में पुलिस और सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता मिलकर विपक्ष की भागीदारी को बाधित करते हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित होती है।

 

उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव जीतने के बाद भी कई उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र देने में बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं। हालांकि, इस बार के चुनावी अनुभव का जिक्र करते हुए पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा और धांधली के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। इस बार भी विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी जारी है, जिससे राज्य की सियासत में तनाव बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button