ला लिगा: लेवांडोव्स्की और टोरेस की चमक, खिताब के करीब पहुंचा बार्सिलोना
रॉबर्ट लेवांडोव्स्की और फेरान टोरेस के गोल से बार्सिलोना ने ओसासुना को 2-1 से हराकर स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट ला लिगा में एक बार फिर चैंपियन बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया। बार्सिलोना ने इस जीत के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद रियाल मैड्रिड पर 14 अंकों की बढ़त बनाई।
इस सप्ताहांत के बाद प्रतियोगिता में अब केवल चार दौर के मैच बाकी हैं। बार्सिलोना को लगातार दूसरी बार ला लिगा का खिताब जीतने से रोकने के लिए रियाल मैड्रिड को अपने अगले मुकाबले में एस्पेनयोल के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
मैड्रिड की जीत से खिताब की दौड़ एक और सप्ताह तक जारी रह सकती है, जिसके बाद बार्सिलोना अपने चिर प्रतिद्वंद्वी रियाल मैड्रिड की मेजबानी करेगा। इस मैच में तीनों गोल दूसरे हाफ में आए। लेवांडोव्स्की ने 81वें मिनट में हेडर के जरिए बार्सिलोना को बढ़त दिलाई, जबकि टोरेस ने पांच मिनट बाद दूसरा गोल किया। राउल गार्सिया ने 89वें मिनट में ओसासुना के लिए गोल दागा।

वहीं, एटलेटिको मैड्रिड ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देने के बावजूद वालेंसिया पर 2-0 से जीत हासिल की। टीम ने आर्सेनल के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग सेमीफाइनल के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए जूलियन अल्वारेज़, अलेक्जेंडर सोरलॉथ और जूलियानो सिमोन को विश्राम दिया।
विलारियल ने लेवांटे को 5-1 से हराकर चैंपियंस लीग के लिए क्वालीफाई कर लिया। विलारियल ने लगातार दूसरे सीजन में शीर्ष चार में अपनी जगह पक्की कर ली है और वह यूरोप के प्रतिष्ठित क्लब टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा।



