Trending

यूटीटी सीजन 7 नीलामी: यूपी प्रोमेथियंस ने मानव ठक्कर और यांग्ज़ी लियू को अपने साथ जोड़ा

रोमानिया की बर्नाडेट स्ज़ोच्स रहीं सबसे महंगी; अगली पीढ़ी के सितारे भोमिक और दास को भी मिला मौका, 9 जुलाई से शुरू होगी लीग

मुंबई : बटरफ्लाई यूटीटी सीजन 7 की नीलामी में मंगलवार को यूपी प्रोमेथियंस ने अपने पर्स का बेहतरीन उपयोग करते हुए भारत के स्तर मानव ठक्कर (जो विश्व के शीर्ष डबल्स खिलाड़ियों में से एक हैं) और दो बार की लीग एमवीपी यांग्ज़ी लियू को साथ लाकर एक शानदार कॉम्बिनेशन तैयार किया।

मौजूदा चैंपियन बर्नाडेट स्ज़ोच्स 40 लाख टोकन के साथ सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं और दो बार की विजेता डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से जुड़ीं, जबकि दिया चिताले लगातार दूसरे साल 37.4 लाख टोकन के साथ सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बनीं और पीबीजी पुणे जैगुआर्स में शामिल हुईं।

चिताले की अंतरराष्ट्रीय डबल्स जोड़ीदार मनुष शाह को यू मुंबा टीटी ने 37.2 लाख टोकन में खरीदा, जिससे उनकी टीम रिटेन किए गए आकाश पाल के साथ और मजबूत हुई। 15 वर्षीय दिव्यांशी भोमिक बटरफ्लाई यूटीटी टीम से जुड़ने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनीं, जिन्हें साथियान ज्ञानसेकरन की अगुआई वाली दबंग दिल्ली टीटीसी ने अपने साथ जोड़ा, जबकि 16 वर्षीय सिंड्रेला दास को डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने साइन किया।

Photo: Hariom Hans /Focus Sports/ ISL

दिया चिताले लगातार दूसरे साल बनीं सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी

निरज बजाज और वीटा दानी द्वारा सह-प्रमोटेड यह फ्रेंचाइज़ी लीग, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में, 9 से 26 जुलाई तक गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। इसका लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर और प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

नीलामी पर प्रतिक्रिया देते हुए दानी ने कहा, “यह नीलामी एक बार फिर दिखाती है कि बटरफ्लाई यूटीटी ने वर्षों में कितनी गहराई और गुणवत्ता विकसित की है। यह देखना उत्साहजनक है कि टीमें उभरते भारतीय खिलाड़ियों में निवेश कर रही हैं, जो मजबूत ग्रासरूट सिस्टम का प्रमाण है।”

मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी ने शुरुआत में संयम बरता और अंत में आक्रामक तरीके से खरीदारी करते हुए मनुष शाह को टीम में शामिल किया। उन्होंने लिलियन बार्डे के साथ फिर से जोड़ी बनाई और वेल्स की एना हर्सी को जोड़कर अपनी टीम को संतुलित बनाया। यू मुंबा टीटी के सीईओ सुहैल चंडोक ने कहा, “मनुष आज के सबसे रोमांचक खिलाड़ियों में से एक हैं—एक लेफ्ट-हैंडर जो सिंगल्स और डबल्स दोनों में मजबूत हैं। एना हर्सी भी एक बेहतरीन प्रतिभा हैं, जो इस सीजन में डेब्यू करेंगी।”

पीबीजी पुणे जैगुआर्स ने किसी को रिटेन नहीं करने का फैसला लेते हुए बड़ी बोली लगाई और दिया चिताले को अपने साथ जोड़ा। उनके साथ स्नेहित एसएफआर और फ्रांस की प्रिथिका पवाडे को शामिल किया गया, जबकि मुदित दानी, ओमर अस्सार और सायनिका माजी ने टीम को पूरा किया।

टीम मालिक पुनीत बालन ने कहा, “दिया दुनिया की बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और हम उन्हें अपनी योजना का केंद्र बनाकर बेहद खुश हैं। हमने उनके आसपास एक संतुलित टीम तैयार की है।”

दो बार की चैंपियन डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने अपने विदेशी खिलाड़ियों में अनुभव को प्राथमिकता दी। स्पेन के अल्वारो रोबल्स (जिन्होंने 2023 में टीम को खिताब दिलाया था) वापस लौटे, जबकि भारतीय खिलाड़ियों में युवा प्रतिभाओं को मौका दिया गया।

टीम मालिक श्रीनिवास डेम्पो ने कहा, “बर्नाडेट और अल्वारो जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ, सिंड्रेला और अभिनंध जैसे युवा खिलाड़ियों का मिश्रण हमें संतुलन देता है। यह संयोजन हमें काफी उत्साहित करता है।”

सीजन 2 की चैंपियन दबंग दिल्ली टीटीसी ने मारिया शियाओ को वापस लाकर साथियान के साथ मजबूत डबल्स जोड़ी बनाई। इसके अलावा टीम में दिव्यांशी भोमिक, एशियाई खेल पदक विजेता सुतिर्था मुखर्जी, यूसुफ अब्देलअज़ीज़ और रेगन अल्बुकर्क को शामिल किया गया।

सीईओ प्रशांत मिश्रा ने कहा, “हम मारिया को वापस लाना चाहते थे। साथ ही, सबसे युवा खिलाड़ी दिव्यांशी को टीम में शामिल करना हमारे लिए खास है। हमें विश्वास है कि साथियान के नेतृत्व में वह शीर्ष खिलाड़ी बनेंगी।”

यूपी प्रोमेथियंस ने अपने पहले ही राउंड में जर्मनी के रिकार्डो वाल्थर, भारत के सुधांशु ग्रोवर और युवा खिलाड़ी स्वस्तिका घोष व सायली वानी को शामिल कर टीम को संतुलित बनाया। टीम के विदेशी कोच क्रिस फेफर ने कहा, “हमने एक मजबूत टीम बनाई है और मुझे खुशी है कि मेरा पूर्व शिष्य मनाव ठक्कर इस टीम का हिस्सा है।”

कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने रिटेन किए गए अंकुर भट्टाचार्जी की अगुआई में आयहिका मुखर्जी, एडुआर्ड इओनेसकु, तनीषा कोटेचा, जीत चंद्रा और ज़ेंग जियान के साथ संतुलित टीम बनाई। अंकुर ने कहा, “एडुआर्ड मिक्स्ड डबल्स के अच्छे खिलाड़ी हैं। मैं आयहिका और तनीषा दोनों के साथ खेलने में सहज हूं, इसलिए मैंने टीम को सुझाव दिए।”

अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स ने नीलामी से पहले ही भारतीय स्टार मनिका बत्रा को रिटेन कर बड़ा कदम उठाया। टीम मालिक रोहन गुप्ता ने कहा, “हमारी टीम मनिका के इर्द-गिर्द बनाई गई है और कोचों व मनिका के सुझाव बेहद अहम रहे।”

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन 7 में सात टीमें सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी, जहां हर टीम एक-दूसरे से एक बार भिड़ेगी। शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी।

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन 7 – टॉप बाइ

1. बर्नाडेट स्ज़ोच्स (रोमानिया) – डेम्पो गोवा चैलेंजर्स: 40 लाख टोकन
2. दिया चिताले (भारत) – पीबीजी पुणे जैगुआर्स: 37.4 लाख टोकन
3. मनुष शाह (भारत) – यू मुंबा टीटी : 37.2 लाख टोकन
4. मानव ठक्कर (भारत) – यूपी प्रोमेथियंस: 36 लाख टोकन
5. यांग्ज़ी लियू (ऑस्ट्रेलिया) – यूपी प्रोमेथियंस: 32 लाख टोकन

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन 7 – कम्पलीट टीमें

अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स: मनिका बत्रा, एड्रियन रासेनफॉस (बेल्जियम), काव्या भट्ट, सनिल शेट्टी, सोफिया पोल्कानोवा (ऑस्ट्रिया), पायस जैन

दबंग दिल्ली टीटीसी : साथियान ज्ञानसेकरन, दिव्यांशी भोमिक, मारिया शियाओ (स्पेन), यूसुफ अब्देलअज़ीज़ (मिस्र), रेगन अल्बुकर्क, सुतिर्था मुखर्जी

डेम्पो गोवा चैलेंजर्स: बर्नाडेट स्ज़ोच्स (रोमानिया), सिंड्रेला दास, अल्वारो रोबल्स (स्पेन), दिव्यांश श्रीवास्तव, अनन्या चांदे, अभिनंध पीबी (सभी भारत)

कोलकाता थंडर ब्लेड्स: अंकुर भट्टाचार्जी, आयहिका मुखर्जी, एडुआर्ड इओनेसकु (रोमानिया), तनीषा कोटेचा, ज़ेंग जियान (सिंगापुर), जीत चंद्रा

पीबीजी पुणे जैगुआर्स: दिया चिताले, प्रिथिका पवाडे (फ्रांस), स्नेहित एसएफआर , मुदित दानी, ओमर अस्सार (मिस्र), सायनिका माजी

यू मुंबा टीटी : मनुष शाह, आकाश पाल, लिलियन बार्डे (फ्रांस), एना हर्सी (वेल्स), नित्याश्री मणि, अनुशा कुटुंबले

यूपी प्रोमेथियंस: मानव ठक्कर, यांग्ज़ी लियू (ऑस्ट्रेलिया), रिकार्डो वाल्थर (जर्मनी), सायली वानी, सुधांशु ग्रोवर, स्वस्तिका घोष (सभी भारत)

Related Articles

Back to top button