Trending

‘ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड’ ने मचाया बवाल: रघुवंशी आउट होने के बाद भड़के

लखनऊ। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स व कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच में क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद दुर्लभ नजारा देखने को मिला। कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ‘ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड’ (मैदान पर बाधा डालने) के नियम के तहत आउट होने वाले आईपीएल इतिहास के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।

दरअसल मैच के दौरान रघुवंशी ने एक शॉट खेला और रन लेने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, नॉन-स्ट्राइकर एंड से मना किए जाने पर जब वह वापस अपनी क्रीज की ओर लौट रहे थे, तभी गेंदबाज मोहम्मद शमी ने थ्रो फेंका। इसी बीच अंगकृष ने गेंद की दिशा में ऐसा मूवमेंट किया जिसे अंपायरों ने जानबूझकर फील्डिंग में बाधा डालना माना।

लखनऊ की टीम द्वारा अपील किए जाने पर मैदानी अंपायरों ने आपसी चर्चा के बाद उन्हें आउट करार दिया। इस फैसले से रघुवंशी इस कदर भड़क गए कि उन्होंने मैदान पर ही अपना बल्ला और हेलमेट फेंककर नाराजगी जाहिर की और अंपायरों व विपक्षी खिलाड़ियों से उलझते नजर आए।

© BCCI

हालांकि आईपीएल के 17 सालों के इतिहास में यह केवल चौथा मौका है जब कोई बल्लेबाज इस नियम का शिकार हुआ है। रघुवंशी से पहले ये दिग्गज भी इस तरह पवेलियन लौट चुके हैं। इससे पहले 2013 में यूसुफ पठान, 2019 में अमित मिश्रा और 2024 में रवींद्र जडेजा इस नियम के चलते आउट हो चुके है।

‘ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड’

क्रिकेट के नियमों के अनुसार, यदि कोई बल्लेबाज जानबूझकर अपने शरीर, बल्ले या किसी अन्य तरीके से गेंद की दिशा में रुकावट पैदा करता है ताकि फील्डिंग टीम रन-आउट न कर सके, तो उसे ‘ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड’ आउट दिया जाता है।

इकाना स्टेडियम के इतिहास में इस नियम के तहत आउट होने वाले रघुवंशी पहले बल्लेबाज हैं। इस नाटकीय घटनाक्रम ने न केवल मैच में रोमांच भर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी क्रिकेट प्रेमियों के बीच नियमों की मर्यादा और खेल भावना को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।

Related Articles

Back to top button