Trending

फीका रहा वैभव सूर्यवंशी का ‘तूफानी’ शतक, ईशान-अभिषेक की पारियों से हैदराबाद की राजस्थान पर धाकड़ जीत

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का तीसरा सबसे तेज शतक भी मैच का रुख नहीं बदल सका, ईशान किशन (74 रन) और अभिषेक शर्मा (57 रन) की अर्धशतकीय पारियों ने बाज़ी पलट दी। इन दोनों की शानदार बल्लेबाज़ी से सनराइजर्स हैदराबाद ने यहां खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने सूर्यवंशी (103 रन) के 36 गेंद में आईपीएल के इतिहास के तीसरे सबसे तेज शतक और ध्रुव जुरेल (51 रन) के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 112 रन साझेदारी से 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए 229 रन बनाकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। हैदराबाद इस तरह आठ मैच में 10 अंक से राजस्थान रॉयल्स को हटाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गई। राजस्थान इतने ही अंक से चौथे नंबर पर खिसक गई।

© BCCI

किशन ने अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के लगाए जबकि अभिषेक ने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का जड़ा था। इन दोनों के अलावा नीतिश कुमार रेड्डी ने 36 और हेनरिक क्लासेन ने 29 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

सलील अरोड़ा (नाबाद आठ) ने भी छक्का जड़ा। अभिषेक को दो बार जीवनदान मिला जब वह आठ और 30 रन के स्कोर पर थे। शिमरोन हेटमायर और रविंद्र जडेजा ने उन्हें आउट करने के मौके गंवाए। पहले ही ओवर में ट्रेविस हेड (06) छक्का लगाने के बाद जोफ्रा आर्चर (दो विकेट) की अगली गेंद पर आउट हो गए। अभिषेक और ईशान ने चौथे ओवर में नांद्रे बर्गर पर 19 रन जुटाए जिसमें तीन चौके और एक छक्का भी था।

इन दोनों ने टीम को पावरप्ले में एक विकेट पर 89 रन के स्कोर तक पहुंचाया। अभिषेक ने नौंवे ओवर में ब्रजेश पर चौका लगाकर 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। अगले ही ओवर ईशान ने भी 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

© BCCI

फरेरा ने इसी 10वें ओवर में अभिषेक की पारी समाप्त की और आर्चर ने शानदार कैच लपका। दस ओवर बाद टीम का स्कोर दो विकेट पर 139 रन था। आर्चर ने ईशान को अपना दूसरा शिकार बनाया जिससे 166 रन पर तीसरा विकेट गिरा। क्लासेन और नीतिश रेड्डी मिलकर टीम को जीत के करीब 219 रन तक ले गए।

इससे पहले सूर्यवंशी ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में 32 रन पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए लीग का अपना दूसरा और इस सत्र का पहला शतक जड़ा। इस सत्र में इससे पहले वह तीन तू्फानी अर्धशतक भी जड़ चुके हैं।

पंद्रह साल के इस खिलाड़ी ने एक बार फिर अपने शानदार स्ट्रोक-प्ले का प्रदर्शन किया जिसमें जबरदस्त ताकत और बेहतरीन टाइमिंग का मेल देखने को मिला। यह मैच राजस्थान का इस सत्र का पहला घरेलू मैच था। सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान पांच चौके और 12 छक्के जड़े।

सूर्यवंशी ने अपनी 36वीं गेंद पर साकिब हुसैन (एक विकेट) की गेंद पर छक्का जड़कर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक अपने नाम किया। इससे आगे उनका खुद का पिछले साल बनाया गया 35 गेंद का शतक और अप्रैल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए क्रिस गेल का 30 गेंद का शतक मौजूद है।

सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत ही जोरदार अंदाज में की। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी चार गेंदों पर प्रफुल हिंगे (एक विकेट) को ऑन-साइड में दो छक्के और विकेट के पीछे (डाउन द विकेट) दो छक्के जड़े। इस तेज शुरुआत के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शानदार लय में दिख रहे सूर्यवंशी ने रन बनाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने विकेट के दोनों ओर रन बटोरे और पारी की शुरुआत में दो मजबूत साझेदारियां निभाते हुए तेज रन गति बनाए रखी।

उनकी तेज शुरुआत की बदौलत पहले विकेट के लिए महज 14 गेंदों में 40 रन जुड़ गए। इसके बाद उन्होंने दूसरे विकेट के लिए ध्रुव जुरेल (51 रन) के साथ 112 रन की साझेदारी करके टीम को और मजबूत किया। जुरेल ने भी आठ चौके और एक छक्के जड़ित अर्धशतकीय पारी से अहम योगदान दिया।

सूर्यवंशी की तूफानी पारी उनका शतक पूरा करने के तुरंत बाद ही खत्म हो गई। वहहुसैन की गेंद पर स्कूप शॉट खेलने से चूक गए और गेंद सीधे उनके स्टंप्स के सामने उनके पैरों पर लगी जिसके बाद उन्हें पगबाधा आउट दे दिया गया।

जुरेल भी दो बार भाग्यशाली रहे। सनराइजर्स हैदराबाद खतरनाक यशस्वी जायसवाल (10) को जल्दी ही आउट करने में कामयाब रही। पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा (दो विकेट) ने सूर्यवंशी को आउट करने का मौका बनाया लेकिन टीम ने मौका गंवा दिया।

एक लेंथ बॉल पर सूर्यवंशी ने गेंद को ऑन-साइड की तरफ जोर से मारने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को सही टाइम नहीं कर पाए। अनिकेत रेड्डी ने डीप मिडविकेट पर अपनी दाईं ओर कुछ दूरी तय की, लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसल गई जो सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बहुत महंगी गलती साबित हुई।

इसके बाद सूर्यवंशी ने हुसैन के छठे ओवर में एक छक्का लगाकर सिर्फ 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। राजस्थान रॉयल्स को डोनोवन फरेरा की 33 रन की तेज पारी से भी मदद मिली जिसमें तीन छक्के और उतने ही चौके भी थे। सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 27 रन देकर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (07) के रूप में एक विकेट लेकर वापसी की।

Related Articles

Back to top button